माण्डल जोधा पंचायत में न्याय आपके द्वार अभियान शिविर आयोजित, एसडीएम ने कई प्रकरणों का किया मौके पर निस्तारण
डेगाना. ग्राम पंचायत माण्डल जोधा केअटल सेवा केन्द्र में सोमवार को उपखंड प्रशासन डेगाना की ओर से न्याय आपके द्वार अभियान के तहत शिविर आयोजित हुआ। उपखंड स्तरीय न्याय आपके द्वार अभियान का विधिव्त आगाज हुआ। शिविर की अध्यक्षता करते हुए उप जिला कलक्टर डेगाना रविन्द्र कुमार चौधरी ने कहा कि सरकार की मंशा है, कि गांव-ढाणी सहित दूरदराज इलाके में बैठे ग्रामीणों की समस्याओं का सरकारी अमला मौके पर ही जाकर समाधान करें। उन्होंने कहा कि न्याय आपके द्वार अभियान के माध्यम से राजस्व प्रकरणों के कारण अन्य विभागों की ओर से ग्रामीणों के लिए सभी प्रकार की समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा रहा है। माण्डल जोधा पंचायत के ग्रामीणों ने उप जिला कलक्टर रविन्द्र चौधरी के समक्ष पेयजल सप्लाई का आरओ बंद होने की शिकायत पेश की, तुरंत ही मौके पर ही हाथों-हाथ ही आरओ सुधार करवाकर शुरू करवाया। ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त की। ग्रामीणों की मांग पर बिजली के गांव में ढ़ीले तारों को भी मौके पर ही सही करवाया गया। एसडीएम ने सभी विभागों केे अधिकारियों को मौके पर ही सभी समस्याओं को लेकर समाधान करने के निर्देश दिए। अभियान को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह का माहौल बना हुआ है। बिजली विभाग की ओर से शिविर में एडंवास टीम नहीं आने पर निगम को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। शिविर में सरपंच नंदसिंह माण्डल, तहसीलदार महेशदत्त शर्मा, राजस्व लोक अदालत समिति सदस्य एडवोकेट त्रिलोकचंद शर्मा, पूनमचंद चौधरी, जलदाय विभाग जेईएन धर्मवीरसिंह डेगाना सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी सहित सभी विभागों के कार्मिक मौजूद थे।