नागदा. नौ दिवसीय माता की आराधना की तैयारियां शुरू हो चुकी है। मुख्य आयोजन नरेंद्र मोदी खेल प्रशाल मैदान में नगर पालिका की अगुवाई में किया जाएगा। तैयारियों को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष अशोक मालवीय द्वारा मंच का भूमि पूजन किया गया। शहर में 15 से अधिक आयोजकों द्वारा गरबे का आयोजन किया जाता है। दूसरी ओर आयोजकों को चुनाव आयोग की सख्ती का सामना करना पड़ता है। दरअसल विधानसभा चुनाव की तैयारियों व आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए गरबा मंडलों को रात 10 तक ही डीजे बजाने व आयोजन करने की अनुमति दी गई है। इतना ही नहीं आयोजन की अनुमति के लिए आयोजनकर्ताओं को खाचरौद एसडीएम गोपालसिंह वर्मा से अनुमति लेनी होगी।
चुनावी प्रक्रिया अंतर्गत जारी होगा सर्कुलर-विधानसभा चुनाव को लेकर आगामी दिनों में सकुर्लर जारी होगा। जिसके अंतर्गत आचार संहिता के दौरान ध्वनि यंत्रों को लेकर समय सीमा तय की जाएगी। इतना ही नहीं गरबा आयोजकों की एक बैठक प्रशासन द्वारा आयोजित की जाएगी, जिसमें आयोजन संबंधित नियमावली संबंधितों के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।
आवारा मवेशी बनेंगे परेशानी का सबब
पर्व के दौरान आवारा मवेशियों का झुंड थोड़ी खलल डाल सकता है। यदि नगर पालिका द्वारा पर्व के शुरू होने के पूर्व ही मवेशियों का कोई स्थाई इंतजाम नहीं किया तो शहरवासियों को मवेशियों की चहल कदमी से परेशान होना पड़ सकता है। बता दें, बीते वर्ष आवारा मवेशियों की टक्कर से गरबा देखने जा रहे एक दर्जन से अधिक दर्शक घायल हुए थे।
नवरात्रि के आयोजन को लेकर आयोजकों की बैठक करेंगे। विधानसभा चुनाव के अंतर्गत सकुर्लर जारी किया जाएगा। जिसमें ध्वनि यंत्रों के संबंध में समय सीमा निर्धारित की जाएगी।
गोपाल वर्मा, एसडीएम, खाचरौद
-------------
लाखों रुपए के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन
नागदा. विधायक दिलीपसिंह शेखावत के मुख्य आतिथ्य में विभिन्न ग्रामों में भूमिपूजन एवं लोकार्पण के कार्य ग्राम मड़ावदी से प्रारंभ होकर चिरोला, बिलवानिया, बिरियाखेड़ी, भीकमपुर एवं सुरेल में आयोजित हुआ। भीकमपुर में 3311 केवी ग्रिड लागत 169.77 लाख रु. का भूमिपूजन ग्राम चिरोला में चिरोला से कुम्हावाड़ी तक सड़क लागत 159 लाख रु. एवं चिरोला से मड़ावदा फंटा सड़क का भूमिपूजन समेत अन्य लाखों रुपए के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन संपन्न हुआ। इस दौरान मड़ावदी में आंगनवाड़ी भवन का भूमि पुजन, पुलिया निर्माण का भूमि पुजन। ग्राम बिलवानिया में आंगनवाड़ी भवन, सांस्कृतिक भवन का भूमि पूजन किया। इस दौरान जनपद अध्यक्ष श्यामूबाई मालवीय, लालसिंह बंजारी, मांगीलाल पाटीदार, मोहनलाल धाकड़, जीवनसिंह आंजना, दिनेश जाट, बगदीराम, कैलाश कटारिया, भूवान, कन्हैया पंवार आदि मौजूद थे।