18 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

हिमाचल में चंद्रताल झील देखने गए सिवनीमालवा के 18 लोग बर्फबारी में फंसे

ट्रेन से अंबाला और इसके बाद बाइक से कर रहे थे हिमाचल की वादियों में सैर, परिजन बोले- तीन दिन से नहीं हुआ संपर्क, कलेक्टर और विधायक बोले- जारी है रेस्क्यू

2 min read
Google source verification
हिमाचल में चंद्रताल झील देखने गए सिवनीमालवा के 18 लोग बर्फबारी में फंसे

हिमाचल में भारी बारिश से बाढ़ और बर्फबारी में फंसे नर्मदापुरम के सिवनीमालवा के रहने वाले 18 लोग।

नर्मदापुरम/सिवनी मालवा.

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते हुई बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। नदियां उफान पर हैं। मुख्य रास्तों का आवागमन ठप हो गया है। जिसकी वजह से दूसरे प्रदेशों से यहां आए पर्यटक भी बाढ़ फंस गए हैं। यहां नर्मदापुरम जिले के सिवनीमालवा के रहने वाले 18 लोग भी हिमाचल के चंद्रताल में फंसे हुए हैं। जिन्हें निकालने का प्रयास स्थानीय प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। मामले में नर्मदापुरम जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार पर्यटकों को रेस्क्यू कर घर पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास में जुटी हुई है।

प्रसिद्ध झील देखने पहुंचे थे पर्यटक-

हिमाचल प्रदेश की चंद्रताल झील काफी प्रसिद्ध है। यहां बड़ी संख्या में देश भर से पर्यटक मून लेक देखने आते हैं। 7 जुलाई को भी यहां काफी संख्या में लोग पहुंचे थे। इस दौरान भारी बारिश होने लगी। काजा-मनाली हाईवे, मनाली और काजा दोनों तरफ से बंद हो गया। रास्ते बंद होने से यहां मौजूद सिवनीमालवा के पर्यटक फंस गए।

8 जुलाई को हुई थी बेटा-बहू से बात-

हिमाचल में फंसे टूरिस्ट क्षितिज के पिता राजेंद्र साध ने बताया कि 30 जून को ये लोग सिवनीमालवा से ट्रेन से रवाना हुए थे। पहले अंबाला फिर मनाली के बाद सभी ने बाइक से घूमने का प्लान बना रखा था। रोज करीब 100 से 150 किमी की यात्रा करते हुए चंद्रताल झील देखने जा रहे थे। इसी दौरान वहां फंस गए। 8 जुलाई को वे काजा पहुंच गए थे। इसी दिन शाम को उनसे बात हुई थी। उन्होंने कहा था कि हम आज यहां रुकेंगे और सुबह निकल जाएंगे। इसके बाद से हमारा संपर्क टूट गया। परिजन सौरभ अग्रवाल ने बताया कि 10 जुलाई को सभी को वापस आना था। इसी दिन सुबह हिमाचल हैडक्वाटर से फोन आया कि सिवनी मालवा के सभी लोग अत्यधिक बर्फबारी के कारण चंद्रताल में फंस हुए हैं।

हिमाचल में फंसे सिवनी मालवा के ये लोग-

क्षितिज साध, दीपिका लोवंशी, उत्कर्ष मोदी, मोहिनी चावरे, प्रज्ञेश जैन, राशि जैन, लक्ष्य रघुवंशी, पूजा रघुवंशी, अक्षय जैन, शुभम अग्रवाल, सजल अग्रवाल, शुभ कलवानी, रोहन ठाकुर, आयुषी टंडन, प्रतीक कोठारी, पार्शव कोठारी, श्रेयांश चोपड़ा और अरुण लंकर।

इनका कहना है...

जानकारी मिलते ही टूरिस्ट को सुरक्षित लाने की कवायद शुरू कर दी है। नर्मदापुरम कलेक्टर से भी बात की है। सिवनीमालवा के पर्यटकों की सूची भी भेजी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी बात हुई है। शासन स्तर से भी सभी को सुरक्षित लाने का प्रयास किया जा रहा है।

-प्रेमशंकर वर्मा, विधायक सिवनीमालवा

हिमाचल प्रदेश के चंद्रताल में सिवनीमालवा के 18 लोग फंसे हुए हैं। जिनका रेस्क्यू किया जा रहा है। सिवनीमालवा विधायक प्रेमशंकर वर्मा ने हमें इसकी जानकारी दी थी। जिसके बाद हम चंद्रताल के स्थानीय प्रशासन से लगातार संपर्क में हैं। रेस्क्यू के संबंध में हिमाचल के डिस्ट्रिक्ट कांगड़ा और लाहुल स्पीति के कलेक्टर से चर्चा की गई है। बताया गया कि रेस्क्यू ऑपरेशन सतत जारी हैं।

-नीरज कुमार ङ्क्षसह, कलेक्टर नर्मदापुरम