
अभिजीत दीपके हिरासत में(फोटो-ANI)
CJP: दिल्ली में सेंट्रल पार्क में तिरंगा मार्च से पहले पुलिस ने सीपीजे (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके को हिरासत में ले लिया है। वह मार्च में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने उन्हें नोटिस जारी कर सेंट्रल पार्क नहीं आने की हिदायत दी थी। पुलिस ने नोटिस में कहा कि इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 163 लागू है। अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस एक्ट के तहत एक नोटिस दिया गया था। इसमें उन्हें सेंट्रल पार्क नहीं आने को कहा गया था। इसके अलावा, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली पुलिस की ओर से भी उन्हें नोटिस जारी किया गया। दूसरे नोटिस में पुलिस ने अभिजीत दीपके को याद दिलाया कि उन्हें आशुतोष और सौरव के साथ पहले भी पाबंद किया गया था। तीनों को एयरपोर्ट से एहतियातन हिरासत में लेने के बाद अदालत में पेश किया गया था।
पुलिस के नोटिस के मुताबिक, अदालत ने अभिजीत दीपके, आशुतोष और सौरव को अगले एक साल तक अशांति नहीं फैलाने की शर्त पर पाबंद किया था। पुलिस ने इसी कार्रवाई का हवाला देते हुए अभिजीत दीपके को सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित मार्च में शामिल नहीं होने की हिदायत दी थी।
सीजेपी ने आज कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में ‘लेहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन करने की घोषणा की थी। हालांकि, इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू होने और एनडीएमसी से तिरंगा यात्रा की अनुमति नहीं मिलने के कारण सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) सहित अन्य सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। जवान इलाके में फ्लैग मार्च कर रहे हैं।
सीजेपी के 'लहरा दो तिरंगा' विरोध पर, एडिशनल सीपी(यातायात) डीके गुप्ता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यातायात पुलिस ने एक डिटेल एडवाइजरी जारी की है। कनॉट प्लेस के आसपास के क्षेत्र प्रभावित होने की संभावना है। हमने यातायात को विनियमित करने के लिए इन क्षेत्रों में अपने कर्मियों को तैनात किया है। यदि कोई व्यवधान होता है, तो हम यह सुनिश्चित करने के लिए समय पर बदलाव लागू करेंगे कि जनता को कम से कम असुविधा हो और यातायात सुचारू रूप से चलता रहे। उन्होंने आगे कहा कि हम निश्चित रूप से सोशल मीडिया पर भी नजर रख रहे हैं। अगर हमें जमीन पर संभावित व्यवधानों के बारे में कोई इनपुट मिलता है, तो हम समय पर एक्शन लेंगे। डीके गुप्ता ने आगे जोड़ा कि हमारा प्राथमिक उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यात्रियों को किसी भी कठिनाई का सामना न करना पड़े। हम अनुरोध करते हैं कि सभी यात्री हमारी यातायात सलाह का पालन करें।
Updated on:
16 Oct 2026 05:59 pm
Published on:
16 Oct 2026 05:05 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
