
राजस्थान पत्रिका के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी
Cartoon Watch Award: राजस्थान पत्रिका के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को देश की एकमात्र कार्टून पत्रिका 'कार्टून वॉच' का लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 13 अक्टूबर को आयोजित होने वाले कार्टून फेस्टिवल में दिया जाएगा।
कार्टून वॉच के संपादक त्रयंबक शर्मा ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि पत्रिका 'कार्टून वॉच' अपने प्रकाशन के 31वें वर्ष में प्रवेश करने जा रही है। इस अवसर पर हर साल की तरह रायपुर में कार्टून फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह समारोह की अध्यक्षता करेंगे। आयोजन में कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों के भी शामिल होने की संभावना है। अभिषेक तिवारी को यह सम्मान कार्टून के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए दिया जाएगा। इससे पहले कार्टून वॉच का लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड कई जानी-मानी हस्तियों को प्रदान किया जा चुका है। इनमें प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट बालासाहेब ठाकरे, आर.के. लक्ष्मण, सुधीर तैलंग, आबिद सुरती, प्राण, काक और अजीत नैनन के नाम प्रमुख हैं।
रायपुर से प्रकाशित कार्टून वॉच लंबे समय से कार्टून कला को मंच देने के लिए यह आयोजन करती आ रही है। पत्रिका 'कार्टून वॉच' के 31वें वर्ष में आयोजित होने वाला यह फेस्टिवल कार्टून कला से जुड़े लोगों और अन्य क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों को एक साथ लाने का अवसर होगा। इस दौरान अभिषेक तिवारी को सम्मानित किया जाएगा।
Updated on:
11 Oct 2026 04:57 pm
Published on:
11 Oct 2026 04:57 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
