17 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

आंध्र प्रदेश में निकाय चुनाव के नामांकन के दौरान बवाल, YSRCP का आरोप- उम्मीदवारों से मारपीट, पर्चे फाड़े; कई नेता हिरासत में

आंध्र प्रदेश में नगर निकाय चुनाव के नामांकन के दौरान YSRCP ने TDP कार्यकर्ताओं और पुलिस पर मारपीट, नामांकन पत्र फाड़ने, उम्मीदवारों को धमकाने और पार्टी नेताओं को हिरासत में लेने के आरोप लगाए। पार्टी ने राज्य निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष कार्रवाई और उम्मीदवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
3 min read
Google source verification
Andhra Pradesh Municipal Elections

आंध्र प्रदेश में नामांकन के दूसरे दिन सियासी तनाव बढ़ा (Photo-ANI)

Andhra Pradesh Municipal Elections: आंध्र प्रदेश में नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन का दौर चल रहा है। इसी बीच दूसरे दिन सियासी तनाव बढ़ गया। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) ने सत्तारूढ़ तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के कार्यकर्ताओं और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए है। उनका कहना है कि पुलिस और TDP के कार्यकर्ता उनके प्रत्याशियों के नामांकन करने से रोक रहे है। इसके अलावा उनके साथ मारपीट भी कर रहे है।

YSRCP ने लगाए आरोप

पार्टी का दावा है कि कई जिलों में नामांकन पत्र छीनने और फाड़ने के साथ वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाएं भी हुईं। YSRCP की ओर से जारी बयान के मुताबिक, पलनाडु, वाईएसआर कडप्पा, तिरुपति, अन्नमय्या, कुरनूल, नंद्याल, नेल्लोर और प्रकाशम समेत कई जिलों में नामांकन प्रक्रिया के दौरान तनाव की स्थिति बनी रही। पार्टी ने राज्य निर्वाचन आयोग से उम्मीदवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पुलिस व चुनाव अधिकारियों को निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।

पलनाडु में कई नेताओं को हिरासत में लेने का आरोप

वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाते हुए कहा कि पलनाडु जिले के गुरजाला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उम्मीदवार पोलू वीरा रेड्डी और पार्टी नेताओं को पुलिस थाना बुलाया गया। इसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया। पार्टी ने यह भी दावा किया कि सर्किल इंस्पेक्टर मुरली तीनों को निजी वाहन से ले गए और कुछ समय तक उनके ठिकाने की जानकारी नहीं मिली। पूर्व विधायक कासु महेश रेड्डी को भी नजरबंद किए जाने का आरोप लगाया गया है।

कडप्पा में पथराव और नामांकन पत्र फाड़ने का आरोप

YSRCP ने TDP कार्यकर्ताओं पर नामांकन केंद्रों के पास उम्मीदवारों को रोकने और पथराव करने का आरोप लगाया। पार्टी के मुताबिक, कडप्पा शहर के गांधी नगर नामांकन केंद्र के पास दोनों पक्षों के बीच तनाव पैदा हुआ और पत्थरबाजी हुई।

पार्टी ने दावा किया कि कोटिरेड्डी कॉलेज के पास उसके उम्मीदवार त्यागराजू के साथ मारपीट की गई और उनके नामांकन पत्र फाड़ दिए गए। इसके अलावा, पार्टी के जिला कार्यालय के पास एक पूर्व पार्षद के बेटे मुराद पर चाकू से हमला किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

YSRCP के जिला अध्यक्ष पी. रविंद्रनाथ रेड्डी और पूर्व उपमुख्यमंत्री अमजद बाशा को पार्टी कार्यालय में सीमित रखने का आरोप लगाया गया। पार्टी ने कहा कि एमएलसी रामचंद्र रेड्डी, पूर्व मेयर सुरेश बाबू और पाका सुरेश को भी नजरबंद किया गया। बाद में अमजद बाशा को पुलिस हिरासत में ले लिया गया।

पार्टी के अनुसार, पुलिस ने रविंद्रनाथ रेड्डी, अमजद बाशा और मेयर पद की उम्मीदवार बांडी दीप्ति रेड्डी को BNSS की धारा 163 के तहत नोटिस जारी कर रैलियां निकालने और समूह में कार्यकर्ताओं को जुटाने से मना किया।

तिरुपति में उम्मीदवारों से मारपीट का दावा

तिरुपति जिले में YSRCP ने आरोप लगाया कि मेयर पद के उम्मीदवार वासु यादव के प्रस्तावक के नामांकन पत्र छीनकर फाड़ दिए गए। पार्टी के मुताबिक, सांसद मड्डिला गुरुमूर्ति और एमएलसी सिपाई सुब्रह्मण्यम नामांकन दाखिल करने के लिए केंद्र जा रहे थे, लेकिन पुलिस और गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोक दिया। आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में ही नामांकन पत्र फाड़े गए।

YSRCP ने दावा किया कि तिरुपति के सातवें डिवीजन में उम्मीदवार मल्लम रवि के साथ मारपीट हुई और नामांकन पत्र फाड़ने वालों को रोकने के बजाय पुलिस ने रवि को हिरासत में ले लिया।

रायचोटी और पुंगनूर में भी विवाद

अन्नमय्या जिले के रायचोटी में YSRCP ने आरोप लगाया कि TDP कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका अध्यक्ष पद के उम्मीदवार जिन्ना शरीफ पर हमला करने की कोशिश की और उनकी कार को नुकसान पहुंचाया। पार्टी का दावा है कि पुलिस शरीफ को पहले संबेपल्ले थाने ले गई, जहां TDP कार्यकर्ता पहुंच गए। इसके बाद उन्हें कलकड़ा और फिर गुर्रमकोंडा ले जाया गया।

पार्टी ने पूर्व विधायक गडिकोटा श्रीकांत रेड्डी को रायचोटी शहर में प्रवेश करने से रोकने का आरोप भी पुलिस पर लगाया।

पुंगनूर में YSRCP के नौवें वार्ड के उम्मीदवार एसएम नयाज और उनकी पत्नी के नामांकन पत्र छीनने का आरोप लगाया गया। पार्टी के अनुसार, TDP नेता सुहैल खान ने नयाज पर हमला कर उनके कागजात ले लिए। इसके विरोध में दंपती ने प्रदर्शन किया, जबकि पुलिस मूकदर्शक बनी रही।