
Andhra Pradesh Lift Accident: (Photo-X/@GUMMALLALAKSHM3)
ओंगोल। आंध्र प्रदेश के ओंगोल में एक हादसे में लिफ्ट में फंसने से एक महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आवासीय सोसायटी में लिफ्ट का गेट खुला हुआ था और वह अचानक नीचे की ओर चल पड़ी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान वनिता के रूप में हुई है। हादसे के वक्त वह अपनी बेटी और पोते के साथ लिफ्ट में सवार थी। घटना शहर के सूर्य टावर्स अपार्टमेंट्स की बताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वनिता अपनी बेटी और पोते के साथ लिफ्ट में सवार होकर एक मंजिल पर पहुंची थी। मंजिल पर पहुंचने के बाद बेटी और पोता लिफ्ट से बाहर निकल गए। इसी दौरान वनिता के बाहर निकलने से पहले ही लिफ्ट का गेट खुला रहते हुए अचानक नीचे की ओर चल पड़ी। अचानक लिफ्ट के चलने से वनिता संभल नहीं सकी। उसने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वह लिफ्ट में फंस गई।
हादसे के बाद वनिता की बेटी ने लिफ्ट का गेट खोलने और अपनी मां को बाहर निकालने की कोशिश की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह मदद के लिए लोगों को बुलाती दिखाई दे रही है। आवासीय सोसायटी के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयास के बाद वनिता को लिफ्ट से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने आवासीय इमारतों में लिफ्ट की सुरक्षा और नियमित रखरखाव को लेकर सवाल उठाए हैं।
गौरतलब है कि पिछले महीने कांग्रेस सांसद शशि थरूर एक निजी होटल की लिफ्ट में कुछ देर के लिए फंस गए थे। वह रोटरी क्लब ऑफ त्रिवेंद्रम ईस्ट के पदस्थापना समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। सूचना मिलने पर फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और हाइड्रोलिक स्प्रेडर की मदद से लिफ्ट का दरवाजा खोला। इसके बाद थरूर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बाद में थरूर ने फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज के कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि लिफ्ट में करीब आधे घंटे रहना कोई बड़ी समस्या नहीं थी, हालांकि इसके कारण उनकी अगली दो बैठकों में पहुंचने में देरी हुई। थरूर ने कहा कि होटल कर्मचारियों ने पहले मदद की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं होने पर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। उनके मुताबिक, सूचना मिलने के करीब पांच मिनट में फायर फोर्स मौके पर पहुंच गई थी।
Updated on:
20 Aug 2026 06:00 pm
Published on:
20 Aug 2026 05:56 pm
