
नालंदा के स्कूल में बच्चों को मिड-डे मील में नमक की जगह मिला डिटर्जेंट, photo credit: AI
Mid Day Meal Controversy: बिहार में नालंदा जिले के एक स्कूल में मिड-डे मील के दौरान खाने में नमक की जगह डिटर्जेंट पाउडर मिलाने से 34 से अधिक बच्चे बीमार हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस गंभीर लापरवाही पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने सरकार पर तीखा हमला बोला और सोशल मीडिया पर कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा-‘इससे ज्यादा शर्मनाक कुछ नहीं?’
मिली जानकारी के अनुसार, बिहार के नालंदा जिले के नूरसराय प्रखंड स्थित परासी मध्य विद्यालय में अतिरिक्त नमक की जगह रसोइये ने नमक की जगह गलती से डिटर्जेंट पाउडर मिला दिया। बताया जा रहा है कि रसोई में नमक और डिटर्जेंट पाउडर के डिब्बे एक ही स्थान पर रखे थे। ऐसे में रसोइये ने गलती से डिटर्जेंट पाउडर को नमक समझकर खाने में मिला दिया। खाना खाने के बाद बच्चों को चक्कर आने, उल्टी और पेट तथा गले में जलन की शिकायत हुई। हालात बिगड़ने पर सभी प्रभावित बच्चों को बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के मुताबिक सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं।
आम आदमी पार्टी (AAP) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर आधिकारिक पोस्ट के जरिए सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाए। पार्टी ने कहा कि बच्चों के जीवन के साथ इस तरह का खिलवाड़ और भोजन में लापरवाही अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। विपक्षी दलों ने इस घटना को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली और स्कूल में खाने की सुरक्षा पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
अधिकारियों ने बताया कि खाने के सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए लैब में भिजवाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने अस्पताल पहुंचकर बीमार बच्चों से मुलाकात की और डॉक्टरों से उनका हाल जाना। जिला प्रशासन के मुताबिक, डॉक्टरों की जांच में सभी बच्चे स्वस्थ और खतरे से बाहर हैं। जिला प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि रसोईघर में यह गंभीर चूक कैसे हुई। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल इस मामले में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है।
Updated on:
19 Aug 2026 03:26 pm
Published on:
19 Aug 2026 03:26 pm
