
21 people in Bihar died after drinking poison liquor
नई दिल्ली। बिहार में शराब-बंदी के दावों की धज्जियां उड़ते हुए पिछले कुछ दिनों में ज़हरीली शराब के सेवन से कुछ जिलों में मौतों के मामले देखने को मिले हैं। बिहार के गोपालगंज, बेतिया और पश्चिमी चम्पारण में पिछले 2-3 दिनों में 20 से ज़्यादा मौतें हो चुकी हैं। पिछले 15 दिनों में 40 से ज़्यादा लोगों ने ज़हरीली शराब के सेवन की वजह से अपनी जान गंवा दी। इसके साथ ही कई लोग अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती हैं। कुछ लोगों की तो ज़हरीली शराब के सेवन से आंखों की रौशनी तक चली गई है।
प्रशासन हुआ सख्त
बिहार में ज़हरीली शराब के सेवन से हो रही मौतों और विपक्ष द्वारा इस मुद्दे पर राज्य सरकार पर हमलों के बाद अब प्रशासन सख्त हो गया है। सीएम नीतीश कुमार ने शुक्रवार को जहरीली शराब के सेवन से हो रही मौतों के मुद्दे पर एक हाई लेवल मीटिंग बुलाई। सीएम नीतीश ने इस मीटिंग में संबंधित अधिकारियों से बिहार में ज़हरीली शराब के सेवन से हो रही मौतों के मुद्दे की सख्त जांच करने का आदेश दे दिया है। इसके साथ ही सीएम नीतीश ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाही करने के भी आदेश दिए हैं।
स्प्रिट से तैयार किया गया मौत का ज़हर
गोपालगंज के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी के अनुसार जांच में पता चला है कि जिस ज़हरीली शराब के सेवन से लोगों की मौत हुई है उसे स्प्रिट से तैयार किया गया है।
अब तक 19 लोग गिरफ्तार
ज़हरीली शराब के सेवन से बिहार में हो रही मौतों के मुद्दे पर प्रशासन की सख्ती के बाद गोपालगंज के एसपी आनंद कुमार ने बताया कि पिछले 24 घंटों से 50 से ज़्यादा जगहों पर छापा मारा गया है। इन छापों में अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और 270 लीटर देशी शराब भी जब्त की गई है। एसपी आनंद कुमार ने यह भी साफ कर दिया है कि अगर इस मामले में पुलिस ने लापरवाही बरती तो लापरवाह पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाही की जाएगी।
Published on:
6 Nov 2021, 11:49 AM IST
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.