केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संसद भवन में डॉ भीमराव अंबेडकर पर दिए बयान को लेकर बिहार कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। पदाधिकारियों ने गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की। इस पर बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह वही कांग्रेस है जिन्होंने बाबा साहब को प्रताड़ित करके मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने पर मजबूर किया था। उन्होंने पत्रकारों से कहा, "यह वही कांग्रेसी हैं जिन्होंने बाबा भीमराव अंबेडकर को प्रताड़ित किया और उन्हें मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने पर मजबूर किया। अगर इन लोगों को बाबा अंबेडकर से इतना ही लगाव था, तो उनकी मूर्तियां क्यों नहीं लगवाई, केंद्रीय कक्ष में उनका चित्र क्यों नहीं लगाया गया और बाबा अंबेडकर को प्रधानमंत्री बनने का मौका क्यों नहीं दिया? ये केवल नौटंकी करने वाले लोग हैं। आज वे लोकतंत्र के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति का सम्मान नहीं करते और लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं, जबकि वे अपनी पारिवारिक सत्ता चलाना चाहते हैं।"