Published: May 12, 2023 08:44:39 am
Prabhanshu Ranjan
Cyclone Mocha: मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात मोका आज तेज होगा। विभाग ने मछुआरों, जहाजों, नावों को रविवार तक बंगाल की खाड़ी और उत्तरी अंडमान सागर में नहीं जाने की सलाह दी है। चक्रवाती तूफान की वजह से त्रिपुरा और मिजोरम में शनिवार से भारी वर्षा की आशंका है।
Cyclone Mocha: मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना तूफान मोका आज भीषण चक्रवात में बदल जाएगा। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि चक्रवात मोका के कारण तटीय इलाकों में 135 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती हैं। इस तूफान के कारण भारत के कई राज्यों में आंधी और तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तूफान प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा के नजरिए से एनडीआरएफ के जवानों को तैनात किया गया है। साथ ही मछुआरो को समुद्र में नहीं उतरने की चेतावनी दी गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के वैज्ञानिक संजीव द्विवेदी ने कहा है कि चक्रवाती तूफान की पुनरावृत्ति होने की संभावना है। यह 12 मई की सुबह उत्तर-उत्तर पूर्व की ओर बढ़ेगा। तूफान 12 मई की शाम को बंगाल की मध्य खाड़ी के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलेगा। 13 मई को ये पीक पर होगा।