बिहार के दरभंगा जिले में लव जिहाद का मामला सामने आया है, जिसके बाद हिंदू संगठन बजरंग दल ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। बजरंग दल का दावा है कि मुस्लिम समुदाय से जुड़े कुछ लोगों ने दरभंगा जिले की दो चचेरी बहनों का पहले धर्म परिवर्तन कराया, इसके बाद पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता ले जाकर वहां एक मस्जिद में उनका निकाह करा दिया। बजरंग दल और लड़कियों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि इस मामले में दरभंगा जिले की पुलिस ने भी लापरवाही बरती है और कई बार कहने के बाद भी उन्होंने कार्रवाई नहीं की। परिजनों का दावा है कि पुलिस यदि शुरू में ही सक्रिय हो जाती और लड़कियों को बरामद कर लेती तो उनका धर्म परिवर्तन नहीं होता। परिजनों ने यह भी दावा किया है कि दोनों लड़कियों की मानसिक हालत अच्छी नहीं है और दूसरे धर्म के लोगों ने इसी का फायदा उठाया है।