
केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री ने बीएचईएल द्वारा करनाल के कर्ण लेक रिसॉर्ट्स में स्थापित सोलर इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन किया।
नई दिल्ली। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) द्वारा भारी उद्योग मंत्रालय (एमएचआई) की योजना FAME-1 के अंतर्गत स्थापित सौर-आधारित इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशनों (SEVC) के नेटवर्क से दिल्ली-चंडीगढ़ राजमार्ग देश का पहला ई-वाहन अनुकूल राजमार्ग बन चुका है।
केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री,डॉ.महेंद्र नाथ पांडेय ने एमएचआई सचिव अरुण गोयल की उपस्थिति में कर्ण लेक रिजॉर्ट में अत्याधुनिक चार्जिंग स्टेशन का आज ऑनलाइन (वर्चुअल) उद्घाटन किया। इस अवसर पर बीएचईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ.नलिन सिंघल सहित भारी उद्योग मंत्रालय तथा बीएचईएल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
पर्यावरण सुरक्षा का महत्व राष्ट्रीय सुरक्षा के समान
राष्ट्र के 75वें स्वतंत्रता दिवस पर पीएम के भाषण को याद करते हुए, डॉ पांडेय ने कहा, "माननीय प्रधानमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि पर्यावरण सुरक्षा का महत्व राष्ट्रीय सुरक्षा के समान है। भारत अभी ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर होने की ओर प्रयासरत है। भारत पर्यावरण सुरक्षा पर विशेष बल दे रहा है जिसमें जलवायु परिवर्तन, ऊर्जा संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा ट्रांजीशन आदि शामिल हैं और पर्यावरण के क्षेत्र में भारत के प्रयास वांछित परिणाम भी देने लगे हैं। प्रधानमंत्री द्वारा दिए लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में ये एक महत्वपूर्ण कदम है ।
चार्जिंग स्टेशन अपग्रेड होंगे
कर्ण लेक रिसॉर्ट में स्थापित ईवी चार्जिंग स्टेशन, रणनीतिक रूप से दिल्ली-चंडीगढ़ राजमार्ग के मध्य बिंदु पर स्थित है तथा यह वर्तमान में देश में चलने वाली सभी प्रकार की ई-कारों को चार्जिंग करने के लिए सुसज्जित है। इसके साथ ही कंपनी इसी वर्ष इस राजमार्ग पर स्थित अन्य चार्जिंग स्टेशनों को अपग्रेड करने पर भी काम कर रही है।
यात्रियों को मिलेगी राहत
25-30 किलोमीटर की नियमित दूरी पर ईवी चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना से इलेक्ट्रिक वाहन वाले यात्रियों को चार्जिंग की समस्या से निजात मिलेगा तथा दो शहरों के बीच यात्रा के लिए उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा। सौर आधारित चार्जिंग स्टेशन ग्रिड से जुड़े रूफटॉप एकल सोलर प्लांट से युक्त हैं जो चार्जिंग स्टेशनों को हरित और स्वच्छ ऊर्जा की आपूर्ति करेंगे।
Published on:
19 Aug 2021, 9:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.