
नई दिल्ली। किसान नेताओं ने सोमवार को करनाल में किसान महापंचायत का ऐलान किया था जिसके बाद यहां पर सुरक्षा व्यवस्था अत्यधिक बढ़ा दी गई है। करनाल में इंटरनेट को बंद कर दिया गया है और सुरक्षा बलों की 40 कंपनियां तैनात कर दी गई है। इससे पहले जिले में सोमवार को धारा 144 लागू कर दी गई थी जिसके तहत जिले में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्रित होने पर पाबंदी लगा दी गई थी।
गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार करनाल तथा निकटवर्ती चार जिलों में सोमवार दोपहर 12.30 बजे से लेकर मंगलवार आधी रात तक के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। आदेश में कहा गया है कि भड़काऊ सामग्री और झूठी अफवाहें फैलाने के लिए इंटरनेट सेवाओं का दुरुपयोग कर करनाल जिला में कानून व्यवस्था को बिगाडा़ जा सकता है। ऐसे में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं, एसएमएस सेवाओं तथा अन्य डोंगल सेवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
करनाल के एसपी राम पूनिया ने कहा कि हम चाहते हैं कि आपसी बातचीत से विवाद का निपटारा हो और किसान महापंचायत शांतिपूर्ण तरीके से हो। उन्होंने कहा कि हमने इस मामले पर किसान नेताओं से बात की है और किसी भी तरह की कानून व्यवस्था बिगड़ने पर पुलिस कार्रवाई कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। एसपी ने बताया कि किसान महापंचायत को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करते हुए पुलिस की 40 कंपनियां तैनात की है।
उल्लेखनीय है कि मोदी सरकार द्वारा पारित किए गए कृषि विधेयकों को निरस्त कराने की मांग को लेकर पिछले कई महीनों से किसान दिल्ली बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी को लेकर सोमवार को किसान नेताओं ने ऐलान किया था कि मंगलवार (7 सितंबर 2021) को किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी।
Published on:
7 Sep 2021, 1:17 PM IST
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.