
वृद्धावस्था पेंशन के लिए बुजुर्ग महिला की मजबूरी देख वित्त मंत्री को आया गुस्सा, SBI को लगाई फटकार
Surya Harijan Story केंद्र सरकार की तमाम योजनाएं जनता हित में हैं। पर ढांचे में कमी की वजह से कई ऐसे मामले देखने को मिलते हैं कि, वह समाज, जनता और सरकारों के लिए शर्मनाक हो जाती हैं। सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें चलने से एक लाचार बुजुर्ग महिला वृद्धावस्था पेंशन पाने के लिए टूटी कुर्सी का सहारा लेकर पेंशन निर्गत स्थान तक इस चिलचिलाती गर्मी व धूप में कई किलोमीटर तक जाती दिख रही है। इस वीडियो को देखकर तमाम लोगों ने प्रशासन पर सवाल उठाए। इस वायरल वीडियो पर देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की भी नजर पड़ गई। बस फिर क्या था वह नाराज हो गईं। और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस मामले को लेकर भारतीय स्टेट बैंक की खिंचाई कर दी। एसबीआई और DFS_India को आइना दिखाते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहाकि, इस मामले का संज्ञान लें और कुछ मानवीयता दिखाएं। क्या वहां कोई बैंक मित्र नहीं हैं? एसबीआई ने वित्त मंत्री के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, वीडियो को देखकर उन्हें भी उतना ही दुख हुआ है। अगले महीने से पेंशन उनके घर पर पहुंचाई जाएगी।
सूर्या हरिजन का पूरा मामला
अब मामले पर गौर करें तो यह वायरल होने वाला वीडियो ओडिशा के नबरंगपुर जिले का है। यहां के झरीगन ब्लॉक के बनुआगुड़ा गांव की की यह महिला है। इस पीड़िता बुजुर्ग महिला का नाम सूर्या हरिजन है। वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि, किस तरह एक बुजुर्ग महिला वृद्धावस्था पेंशन पाने के लिए संघर्षरत है। टूटी कुर्सी के साथ सड़क पर नंगे पैर चल रही है। महिला को ओडिशा के नबरंगपुर में पेंशन लेने के लिए चिलचिलाती गर्मी व धूप में कई किमी तक नंगे पैर चलते दिखाया गया है।
फिंगर प्रिंट नहीं कर रहे थे मैच - एसबीआई
इस मामले में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के ट्वीट के जवाब में एसबीआई ने कहाकि, मैडम, इस वीडियो को देखकर हमें भी उतना ही दुख हुआ है। वीडियो में सूर्या हरिजन हर महीने अपने गांव में स्थित सीएसपी प्वाइंट से अपनी वृद्धावस्था पेंशन निकालती थीं। अधिक उम्र होने के कारण सीएसपी प्वाइंट पर उसके फिंगर प्रिंट मैच नहीं कर रहे थे।
पेंशन अगले महीने उनके दरवाजे पर पहुंचा दी जाएगी - एसबीआई
एसबीआई ने आगे कहाकि, वह अपने रिश्तेदार के साथ हमारी झरिगांव शाखा गई। हमारे शाखा प्रबंधक ने तुरंत उसके खाते से मैन्युअल रूप से डेबिट करके राशि का भुगतान किया। हमारे शाखा प्रबंधक ने यह भी सूचित किया है कि, उनकी पेंशन अगले महीने से उनके दरवाजे पर पहुंचा दी जाएगी। साथ ही एसबीआई ने यह आश्वासन दिया कि, वह सूर्य हरिजन को व्हीलचेयर देंगे।
हम जल्द समाधान करेंगे - SBI मैनेजर
SBI मैनेजर झारीगांव शाखा नबरंगपुर ओडिशा ने कहाकि, उनकी पैसे निकालने की परेशानी का हम जल्द समाधान करेंगे। जल्द कोई रास्ता निकाला जाएगा।
Updated on:
21 Apr 2023, 12:58 PM IST
Published on:
21 Apr 2023, 12:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.