India Foreign Exchange: देश के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार तीसरे सप्ताह जबरदस्त वृद्धि देखी गई है। इन तीन सप्ताह में यह लगभग 14 अरब डॉलर बढ़ चुका है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, गत 30 अगस्त को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 2.299 अरब डॉलर बढ़कर 683.987 अरब डॉलर पर पहुंच गया। यह अब तक का ऐतिहासिक उच्चतम स्तर है। इससे पहले 16 अगस्त को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 4.546 अरब डॉलर और 23 अगस्त को समाप्त सप्ताह में 7.023 अरब डॉलर बढ़ा था। इस प्रकार तीन सप्ताह में इसमें 13.868 अरब डॉलर की वृद्धि दर्ज की गई है।