
Haryana Nuh Violence Update
Haryana Nuh Violence Update : हरियाणा के नूंह में विश्व हिंदू परिषद के जुलूस को रोकने की कोशिश करने पर भड़की हिंसा गुरुग्राम, पलवल, दिल्ली, राजस्थान सहित यूपी तक फैल गई है। नूंह में कर्फ्यू जारी है। उपद्रव को देखते हुए जिला उपायुक्त प्रशांत पंवार ने धारा 144 लागू कर दी। आज भी इंटरनेट सेवा बंद है। इस बीच नूंह पुलिस ने हिंसा में शामिल अराजक तत्वों के खिलाफ एक्शन शुरू कर दिया है। नूंह में हिंसा के मामले में अब तक 41 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इस मामले में 116 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। करीब 150 लोगों से पूछताछ की गई है। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए भारी मात्रा में पुलिस फोर्स और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है।
41 FIR और 116 अरेस्ट, 150 लोगों से पूछताछ
नूंह के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने बताया कि अब तक 41 एफआईआर रजिस्टर्ड हुई हैं। नूंह हिंसा मामले में 116 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इतना ही नहीं करीब 150 लोगों से पूछताछ की गई है। प्रभावित इलकों में अभी कर्फ्यू लगा हुआ है। इसके साथ ही इंटरनेट पर भी रोक लगा दी गई थी।
8 जिलों में 144 लगा, अब तक 6 की मौत
नूंह में हुई हिंसा में दो होमगार्ड समेत 6 लोगों की जान जा चुकी है। हिंसक झड़प में 50 से ज्यादा पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और दूसरे लोग घायल हुए हैं। नूंह जिले में 2 अगस्त तक कर्फ्यू लगाया गया है। तनाव के चलते रेवाड़ी, गुरुग्राम और सोनीपत समेत 8 जिलों में धारा 144 लगा दी गई है। नूंह में 10वीं और 12वीं की 2 अगस्त को होने वाली परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई है।
दिल्ली-यूपी तक पहुंचेगी नूंह हिंसा की आग
नूंह में हिंसा के बाद केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने सीमा से लगे दिल्ली और उत्तर प्रदेश के जिलों को अलर्ट कर दिया है। 18 घंटों में तीन इनपुट दिल्ली और यूपी को भेजे गए हैं। सूत्रों के अनुसार पुलिस को धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने को निर्देश दिए गए है। इसके अलावा सोशल मीडिया और वॉट्सऐप ग्रुपों पर भी नजर रखने के लिए कहा गया है। केंद्रीय एजेंसियों की तरफ से कहा गया कि पड़ोसी राज्य में संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएं।
इमाम की इलाज के दौरान मौत, पांच लोग हिरासत में
गुरुग्राम आधी रात के बाद दूसरे समूह ने निर्माणाधीन अंजुमन मस्जिद में आग लगा दी। भीड़ की गोलीबारी में 26 वर्षीय नायब इमाम साद और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। बिहार के रहने वाले इमाम की अस्पताल में मौत हो गई। मस्जिद पर हमले के मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है। भीड़ ने गुरुग्राम के बादशाहपुर में सड़क किनारे एक भोजनालय में आग लगा दी।
पलवल में 25 झोपड़ियों को फूका
पलवल जिले से भी हिंसा की घटना सामने आ रही है। भीड़ ने परशुराम कॉलोनी में 25 से अधिक झोपड़ियों को आग के हवाले कर दिया है। पुलिस के अनुसार इस हादसे में किसी को भी चोट नहीं आई है। पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया है। आसपास के इलाकों में गश्त बढ़ा दी।
Updated on:
02 Aug 2023 11:24 am
Published on:
02 Aug 2023 10:38 am
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
