
Hyderabad Ganesh Chaturthi Celebrations: Photo- IANS
Ganesh Festival: गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस को लेकर हैदराबाद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। गुरुवार को पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) ने शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया। 25 सितंबर को होने वाले विसर्जन जुलूस के दौरान शांति, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 20 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। गोलकोंडा जोन के पुलिस उपायुक्त जे. राघवेंद्र रेड्डी के नेतृत्व में गोशामहल और बेगम बाजार थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। इसमें दोनों थानों के पुलिसकर्मियों के साथ आरएएफ के जवान शामिल रहे।
मार्च नांपल्ली प्रदर्शनी मैदान से शुरू होकर पटेल नगर, दारुस्सलाम, चकनवाड़ी, लांबीगली, घोड़े की खबर, झिंसी चौराहा और जुमेरात बाजार टी-जंक्शन से होकर गुजरा। गोशामहल थाना निरीक्षक बी. श्रवण कुमार ने बताया कि फ्लैग मार्च घनी आबादी वाले संवेदनशील इलाकों और विसर्जन जुलूस के प्रमुख मार्गों से निकाला गया। इसका उद्देश्य लोगों को त्योहार के दौरान शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए जागरूक करना है। पुलिस ने गणेश पंडालों के आयोजकों और जुलूस में शामिल लोगों से पुलिस की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने के साथ यातायात में बाधा नहीं डालने और आम लोगों को परेशानी से बचाने को कहा गया है।
पुलिस आयुक्त वीसी सज्जनार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम और हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया एवं संपत्ति संरक्षण एजेंसी समेत अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बालापुर से टैंक बंड तक 19 किलोमीटर लंबे मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिमा विसर्जन के दौरान जुलूस की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया गया।
पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अफवाह, अपुष्ट सूचना या भड़काऊ सामग्री साझा नहीं करने की अपील की है। किसी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्या की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी या थाने को देने को कहा गया है। पुलिस ने धार्मिक संगठनों, गणेश उत्सव समितियों और जुलूस आयोजकों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से त्योहार मनाने में सहयोग मांगा है।
Updated on:
17 Sept 2026 09:52 pm
Published on:
17 Sept 2026 09:52 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
