
भारत के एक्सपोर्ट में 25.4% का उछाल आया है। (फोटो-ANI)
Indian Exports: भारत के कुल एक्सपोर्ट में अगस्त में तेज बढ़ोतरी दर्ज हुई है। वाणिज्य मंत्रालय ने मंगलवार को घोषणा की कि इस साल अगस्त में भारत का कुल वस्तु और सेवा (मर्चेंडाइज एंड सर्विसेज) निर्यात पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले 25.41 फीसदी बढ़कर 82.68 अरब डॉलर हो गया। सबसे ज्यादा बढ़ोतरी इलेक्ट्रॉनिक सामान के निर्यात में देखने को मिली, इसमें करीब 90 फीसदी का उछाल आया। लेकिन इस महीने के दौरान वस्तुओं और सेवाओं का कुल आयात भी 18.75 फीसदी बढ़कर 92.09 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
घोषणा में कहा गया है कि अप्रैल-अगस्त 2026-27 के दौरान भारत का कुल निर्यात 399.27 अरब डॉलर रहने का अनुमान है। यह पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि के 345.55 अरब डॉलर की तुलना में 15.55 फीसदी की ग्रोथ को दर्शाता है। इस पांच महीने की अवधि के दौरान कुल आयात 459.65 अरब डॉलर रहने का अनुमान है, जिसमें 18.01 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अगस्त 2025 में 34.74 अरब डॉलर के मुकाबले अगस्त 2026 में वस्तु का निर्यात 43.81 अरब डॉलर रहा। वहीं बात करें, वस्तु आयात कि तो अगस्त 2025 में 61.96 अरब डॉलर की तुलना में अगस्त 2026 में आयात 70.67 अरब डॉलर दर्ज किया गया।
अगस्त में वस्तु निर्यात में हुई इस ग्रोथ के मुख्य ड्राइवर्स में इलेक्ट्रॉनिक सामान, पेट्रोलियम उत्पाद, इंजीनियरिंग सामान, केमिकल्स, कॉटन और टेक्सटाइल शामिल हैं। इलेक्ट्रॉनिक सामानों का निर्यात पिछले साल के इसी महीने के 2.93 अरब डॉलर से 89.82 फीसदी बढ़कर अगस्त में 5.55 अरब डॉलर हो गया, जबकि इस महीने के दौरान पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात अगस्त 2025 के 4.17 अरब डॉलर से 63.27 फीसदी बढ़कर 6.81 अरब डॉलर हो गया।
इंजीनियरिंग सामानों का निर्यात अगस्त में 24.86 फीसदी बढ़कर 12.32 अरब डॉलर रहा, जो पिछले साल अगस्त में 9.87 अरब डॉलर था, जबकि इस महीने के दौरान केमिकल का निर्यात 16.38 फीसदी बढ़कर 2.80 अरब डॉलर पर पहुंच गया। कॉटन और टेक्सटाइल समेत टेक्सटाइल एक्सपोर्ट 13.79 फीसदी बढ़कर 1.12 अरब डॉलर रहा।
एक्सपोर्ट बढ़ने के साथ भारत का मर्चेंडाइज ट्रेड डेफिसिट भी बढ़ा है। अप्रैल-अगस्त 2026-27 में यह 147.09 अरब डॉलर रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 123.88 अरब डॉलर था।
Updated on:
15 Sept 2026 10:14 pm
Published on:
15 Sept 2026 10:14 pm
