
Jitan Ram Manjhi Statement on Nitish Kumar's Prime minister Candidate
Nitish Kumar's PM Candidate: 2024 के लोकसभा चुनाव में अभी काफी समय बाकी है। लेकिन विपक्षी दलों की सक्रियता अभी से बढ़ गई है। विपक्षी दलों की एकजुटता को लेकर बीते कुछ दिनों से अलग-अलग दलों के नेता आपस में चर्चा कर रहे हैं। विपक्षी दलों का एक खेमा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पीएम पद का उम्मीदवार मान रहा है। नीतीश भले ही अभी तक इस मसले पर अभी तक कुछ नहीं बोले हो, लेकिन उनके सहयोगी दलों के नेता नीतीश को पीएम पद का उम्मीदवार बताने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं।
बीते बुधवार को तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर पटना के दौरे पर पहुंचे थे। जहां उन्होंने नीतीश कुमार के साथ-साथ डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद केसीआर ने यह कहा था कि किसी भी तरह से बीजेपी की सरकार को देश से बाहर करना है। हालांकि नीतीश की पीएम उम्मीदवारी के सवाल पर केसीआर इधर-उधर की बाते करने लगे थे। अब नीतीश कुमार के सहयोगी और हिन्दुस्तान अवाम मोर्चा के नेता जीतन राम मांझी ने नीतीश की पीएम उम्मीदवारी को लेकर बड़ी बयान दिया है।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने साफ किया कि नीतीश कुमार पीएम उम्मीदवार के चेहरा होंगे और 2024 में हम उन्हें प्रधानमंत्री बनाएंगे। जीतन राम मांझी ने अपने ट्वीटर हैंडल के माध्यम से कहा है, देश को जोड़ने वाले सरदार बल्लभ भाई पटेल के वक्त तो हम चूक गए थे। आज फिर वक्त आ गया है जब हमें मौका मिल रहा है कि पटेल समाज के बेटे नीतीश कुमार को हम 2024 में प्रधानमंत्री बनाएं। तब सरदार पटेल ने देश जोड़ा था, अब फिर पटेल का बेटा ही देश तोड़ने वालों से लड़कर देश जोड़ेगा।
इधर जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रवक्ता दानिश रिजवान ने कहा कि 2024 में नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनेंगे और इसके लिए हम जी जान लगा देंगे। उन्होंने कहा कि आज जो भारत दिख रहा है, वह सरदार पटेल की मेहनत का नतीजा है। देश को जोड़ने के लिए सरदार पटेल ने अपनी ज़िन्दगी लगा दी थी, लेकिन उस वक्त हम चूक गए थे।
दानिश रिजवान ने आगे कहा कि अभी देश में हिंदू-मुस्लिम और दलित-फॉरवर्ड के नाम पर लड़वाया जाता है। अब वक्त आ गया है कि हम सरदार पटेल जैसे शक्तिशाली नेता को चुने। नीतीश को अब पीएम बनाने का समय आ गया है।
Published on:
1 Sep 2022, 4:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.