
विधानसभा घेराव मार्च में शामिल हुए देवेंद्र नाथ महतो (Photo-IANS)
Jharkhand Vidhan Sabha March: झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में हुई धांधली और पेपर लीक को लेकर छात्र विधानसभा घेराव के लिए निकल गए है। प्रदर्शनकारी छात्रों का हौसला अफजाई करने के लिए अनशन पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भी खुद मार्च में शामिल होने के लिए एंबुलेंस से पहुंच पहुंचे। इस दौरान आंदोलन को बीजेपी नेताओं द्वारा समर्थन दिए जाने पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
विधानसभा घेराव में शामिल होने पर छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि वह बाहर से कमजोर है, लेकिन अंदर से गुस्से में हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने कटीले तार की बैरिकेडिंग की हुई है, जो कि मंजूर नहीं हैं।
इस दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने बीजेपी के समर्थन पर भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हमारा जो भी समर्थन कर रहा है, उसका स्वागत करते हैं। हम तो कहेंगे कि हमारे आंदोलन में जेएमएम और कांग्रेस भी साथ आएं। इस आंदोलन को किसी भी पार्टी से नहीं जोड़ा जाए। जो बच्चों के भविष्य की चिंता करता है, चाहे किसी भी पार्टी का हो, हमारें आंदोलन से जुड़े।
विधानसभा घेराव मार्च में शामिल एक छात्र ने कहा कि हमें यहां रोक दिया गया है, लेकिन हम शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा की ओर बढ़ेंगे। जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, हम नहीं रुकेंगे। हमारी मांग है कि JSSC-CGL परीक्षा रद्द की जाए और पूरे मामले की CBI जांच कराई जाए।
वहीं एक अन्य छात्र ने कहा कि जितनी भी मांगें रखी गई हैं, उनमें से सरकार दो मांगों पर बात नहीं कर रही है-SSC-CGL परीक्षा रद्द करने और 11वीं-13वीं JPSC की CBI जांच कराने की मांग। 11वीं-13वीं JPSC परीक्षा को भी रद्द किया जाना चाहिए या फिर जांच पूरी होने तक इस पर रोक लगाई जानी चाहिए।
रांची में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के बीच झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के विधायक जयराम कुमार महतो ने कहा कि यह सरकार की विफलता है। सरकार को परीक्षा रद्द करने की मांग स्वीकार कर लेनी चाहिए थी। सरकार ने कई मांगें जरूर स्वीकार की हैं, इसके लिए मैं उनका धन्यवाद करता हूं। लेकिन सबसे महत्वपूर्ण मांग JSSC-CGL परीक्षा को रद्द करने की है। सबसे ज्यादा अनियमितताएं इसी परीक्षा में हुई हैं। अभय तिवारी ने खुद स्वीकार किया है कि उसने करीब 400 उम्मीदवारों का चयन करवाया था।
Updated on:
10 Aug 2026 11:51 am
Published on:
10 Aug 2026 11:51 am
