14 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बर्थडे ट्रिप से मौत की खाई तक: लोहागढ़ फोर्ट में केतन अग्रवाल के साथ क्या हुआ था? पुलिस ने खोला राज

केतन अग्रवाल मर्डर केस में बड़ा खुलासा हुआ है। लोहागढ़ किले पर हुई मौत को पहले हादसा माना गया था लेकिन जांच में मंगेतर सिया गोयल और चेतन चौधरी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है।
3 min read
Google source verification

भारत

image

Rahul Yadav

Jun 23, 2026

Ketan Agarwal Murder Case, Siya Goyal, Pune Lohagad Murder, Ketan Murder Case, Pune Murder News, Chetan Chaudhary, Ketan Agarwal Latest News, Siya Goyal Latest Update, Lohagad Fort Murder, Vishal Agarwal, Sunil Gaikwad,

केतन अग्रवाल और सिया गोयल। (Photo: Social Media | Enhanced by ChatGPT)

Ketan Agrawal Murder Case: लोनावला की वादियों में शुरू हुई जन्मदिन की ट्रिप कुछ ही घंटों में मौत की कहानी बन गई। जिस लड़की के साथ केतन अग्रवाल अपनी नई जिंदगी शुरू करने की तैयारी कर रहा था, उसी पर अब उसकी हत्या की साजिश रचने का आरोप है। 26 साल के केतन को शायद अंदाजा भी नहीं था कि जिस रिश्ते पर वह भरोसा कर रहा है वही उसकी मौत का कारण बन जाएगी। पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों ने इस मामले को एक साधारण हादसे से देशभर में चर्चा का विषय बना दिया है।

पहले बताया गया हादसा, फिर खुलने लगी परतें

18 जून को केतन अग्रवाल अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ लोनावला के पास स्थित लोहागढ़ किले पर गया था। बताया गया कि यह ट्रिप सिया का जन्मदिन मनाने के लिए रखी गई थी। शुरुआती जानकारी में कहा गया कि फोटो खिंचवाते समय केतन का संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 300 फीट गहरी खाई में गिर गया।

घटना के बाद इसे एक दुखद दुर्घटना माना गया। लेकिन केतन के परिवार को शुरू से इस कहानी पर भरोसा नहीं हुआ। परिवार का कहना था कि केतन अनुभवी ट्रेकर था और पहाड़ी इलाकों में घूमने के आदी था। ऐसे में उनका अचानक फिसलकर गिर जाना कई सवाल खड़े कर रहा था।

परिजनों की आपत्ति के बाद बदली जांच की दिशा

परिजनों ने पुलिस से मामले की गहराई से जांच करने की मांग की। परिवार लगातार यह कहता रहा कि घटना सामान्य नहीं लग रही है। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल फोन का डेटा, कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन डिटेल और मौके पर मौजूद लोगों के बयान खंगालने शुरू किए। जांच आगे बढ़ी तो तस्वीर बदलती चली गई।

पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल के अनुसार, गुप्त स्रोतों से मिली जानकारी, गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के बाद ऐसे संकेत मिले कि यह केवल हादसा नहीं था।

एक साल पुराने रिश्ते की कहानी सामने आई

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सिया गोयल पिछले करीब एक साल से चेतन चौधरी नाम के युवक के संपर्क में थी। पुलिस का दावा है कि दोनों के बीच करीबी संबंध थे और वे लगातार संपर्क में थे। यहीं से जांच ने नया मोड़ लिया। अधिकारियों के मुताबिक, इसी रिश्ते ने कथित तौर पर पूरी साजिश की नींव रखी। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों ने केतन अग्रवाल को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी।

जांच में क्या सामने आया?

पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने कहा, "जांच के दौरान यह सामने आया कि दोनों ने केतन अग्रवाल को खत्म करने की साजिश रची। लोहागढ़ किले पर उसे कथित रूप से धक्का दिया गया, जिससे वह खाई में गिर गया और उसकी मौत हो गई।" इसी आधार पर सिया गोयल और चेतन चौधरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

फोटो क्लिक कराने के दौरान क्या हुआ?

जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन केतन लोहागढ़ किले की ऊंचाई पर फोटो खिंचवा रहा था। उसी दौरान उन्हें कथित तौर पर पीछे से धक्का दिया गया और वह खाई में गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है और पुलिस घटनास्थल से जुड़े हर पहलू को दोबारा खंगाल रही है।

नवंबर में होनी थी शादी

केतन अग्रवाल और सिया गोयल की शादी नवंबर में होने वाली थी। शादी की तैयारियां भी शुरू हो चुकी थीं। परिवार ने पुलिस टीम को बताया कि शादी के लिए जयपुर में 17 करोड़ रुपये में एक पैलेस बुक किया गया था। लेकिन शादी से कुछ महीने पहले ही खुशियां मातम में बदल गईं।

विदेश से पढ़ाई कर लौटा था केतन

केतन अग्रवाल पिंपरी-चिंचवड़ की एक प्रमुख रियल एस्टेट कंपनी में निदेशक थे। हाल ही में विदेश से पोस्टग्रेजुएट पढ़ाई पूरी की थी और भारत लौटने के बाद अपने पिता विशाल अग्रवाल के रियल एस्टेट कारोबार से जुड़ गए। परिवार और करीबी लोगों के अनुसार, वह अपने पेशेवर और निजी जीवन को लेकर बेहद उत्साहित था।

पुलिस हिरासत में आरोपी

पुलिस के मुताबिक, सिया गोयल और चेतन चौधरी को लोनावला ग्रामीण पुलिस स्टेशन की टीम ने हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के दौरान दोनों ने कथित रूप से इस अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार की है। इसके बाद दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया।

अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और घटना की पूरी टाइमलाइन तैयार की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कथित साजिश कब और कैसे बनाई गई थी।