
Khan Sir IAS/UPSC Classes (File Photo)
Patna Khan Sir Classes: दिल्ली के एक कोचिंग संस्थान (Rau’s IAS Delhi) की लाइब्रेरी में तीन छात्रों की मौत से पूरा देश स्तब्ध है। UPSC की तैयारी करने राजेंद्र नगर पहुंचे छात्रों की मौत के बाद कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है। विकास दिव्यकीर्ति (Vikas Divyakirti) की दृष्टि आईएस इंस्टीट्यूट (Drishti IAS) में भी MCD ने ताला लगा दिया है। इसी क्रम में बिहार के पटना में कई कोचिंग संस्थानों की जांच की गई। इसमें खान सर की कोचिंग भी शामिल है।
SDM श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर के नेतृत्व में पटना अग्निशमन, शिक्षा विभाग, पटना नगर निगम और स्थानीय थाने ने जांच अभियान चलाया। इस दौरान खान स्टडी सेंटर (Khan Study Centre), ज्ञान विंदू कोचिंग सेंटर, मैथ मस्ती क्लासेस जैसी कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया गया। एसडीएम श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर ने बताया कि आज हमने पटना के नया टोला से लेकर भिखना पहाड़ी तक तकरीबन 25 से 30 कोचिंग संस्थानों की जांच की है। खान सर की 'जीएस क्लासेस' और 'ज्ञान विंदू' कोचिंग सेंटर ने अलग-अलग मापदंडो के सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने के लिए समय मांगा है। इन्हें कल तक इसे जमा कराने के लिए कहा। इन सर्टिफिकेट और डेटा को न दे पाने के कारण खान सर की कोचिंग पर भी ताला डाल दिया है।
एसडीएम श्रीकांत कुंडलिक खांडेकर ने बताया कि जांच के दौरान यह पाया गया कि भीड़-भाड़ वाले इलाके में कोचिंग संस्थानों का संचालन हो रहा है। कुछ जगहों पर रजिस्ट्रेशन नहीं है, जिस पर संज्ञान लिया जा रहा है। कोचिंग में फायर उपकरण तो हैं, लेकिन फायर NOC नहीं है। बिहार कोचिंग रेगुलेशन एक्ट के तहत संस्थानों को बिल्डिंग का सर्टिफिकेट जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। संस्थानों में पार्किंग की व्यवस्था की जांच की जा रही है।
बता दें कि दिल्ली बेसमेंट हादसे के बाद दृष्टि IAS कोचिंग समेत कई कोचिंग संस्थानों को सीज कर दिया गया है। राष्ट्रीय राजधानी के मुखर्जी नगर स्थित दृष्टि समेत कई कोचिंग संस्थानों के बेसमेंट में क्लास चलाने की खबर प्राप्त हुई थी, इसके बाद उन पर कार्रवाई की गई। हालांकि बाद में दृष्टि आईएएस की तरफ से अपना पक्ष रखा गया था। दिल्ली की तर्ज पर अन्य राज्यों में भी कोचिंग संस्थानों की जांच की जा रही है। अब इस लिस्ट में खान सर की कोचिंग का नाम भी शामिल हो गया है।
Updated on:
2 Aug 2024, 10:28 AM IST
Published on:
31 Jul 2024, 7:46 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.