
केरल कैडर के 1989 बैच के IPS अधिकारी नितिन अग्रवाल (Nitin Agarwal) को रविवार की रात सीमा सुरक्षा बल (BSF) का नया महानिदेशक (DG) नियुक्त किया गया है। दरअसल, यह पद पिछले करीब पांच महीने से खाली पड़ा हुआ था। जिसपर अब अग्रवाल की तैनाती की गई है। बता दें कि नितिन अग्रवाल वर्तमान समय में दिल्ली में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) मुख्यालय में संचालन के अतिरिक्त महानिदेशक के रूप में तैनात हैं।
जानें कौन हैं नितिन अग्रवाल?
कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) की ओर से रविवार देर रात एक आदेश जारी किया गया, जिसमें कहा गया है कि IPS अधिकारी नितिन अग्रवाल को बीएसएफ महानिदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है। बता दें कि पंकज कुमार सिंह (Pankaj Kumar Singh) के 31 दिसंबर, 2022 को सेवानिवृत्त होने के बाद पांच महीने से अधिक समय से बीएसएफ प्रमुख का पद रिक्त था।
अब तक ये संभाल रहे थे महानिदेशक का प्रभार
डीजी का पद खाली होने के बाद सीआरपीएफ के डीजी सुजॉय लाल थाउसेन बीएसएफ का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं। वहीं नितिन अग्रवाल की नियुक्ति ऐसे दिन हुई जब बीएसएफ ने दिल्ली में अपने बांग्लादेशी समकक्ष बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के साथ हर दो साल पर होने वाली चार दिवसीय सीमा वार्ता शुरू की है।
इस वार्ता के लिए सुजॉय लाल थाउसेन बीएसएफ प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं, जबकि बांग्लादेश प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बीजीबी डीजी मेजर जनरल एकेएम नजमुल हसन कर रहे हैं।
इन पदों पर तैनात रह चुके हैं नितिन अग्रवाल
आपको बता दें कि नितिन अग्रवाल सीआरपीएफ (CRPF) में तैनाती से पहले केरल में अलग-अलग विभागों में तैनात रह चुके हैं। इसके अलावा वह गृह मंत्रालय के अधीन सीमा रक्षक बल, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में बड़े पदों पर अपनी सेवा दे चुके हैं। गौरतलब है कि बीएसएफ में करीब 2.65 लाख कर्मी शामिल हैं। BSF की तैनाती मुख्य रूप से आंतरिक सुरक्षा क्षेत्र शांति स्थापित करने के लिए की जाती है। इसके अलावा इन्हीं के पास पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ लगने वाली भारत की सीमाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी होती है।
Updated on:
12 Jun 2023, 11:33 AM IST
Published on:
12 Jun 2023, 10:05 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.