
लोकसभा। (Photo - ANI)
लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 850 करने की तैयारी है। इस बीच, एक पुरानी बहस फिर से चर्चा में आ गई है। करीब 77 साल पहले संविधान सभा में भी लोकसभा की सीटों की अधिकतम संख्या तय करने को लेकर जोरदार बहस हुई थी। उस समय सवाल यह था कि देश की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक संस्था में कितने सांसद होने चाहिए और क्या इसकी कोई अधिकतम सीमा तय की जानी चाहिए?
साल 1949 में संविधान सभा के सदस्यों ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी थी। बहस के दौरान कुछ सदस्यों ने लोकसभा की सीटों की संख्या पर सीमा लगाने का विरोध किया, जबकि कुछ ने इसके पक्ष में तर्क दिए।
आखिरकार संविधान सभा ने लोकसभा में सीधे चुने जाने वाले सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 तय करने का फैसला किया था। अब जब लोकसभा की सदस्य संख्या 543 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव चर्चा में है, तब 1949 की यह बहस एक बार फिर महत्वपूर्ण हो गई है।
संविधान सभा में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या तय करने का मुद्दा संविधान निर्माण के दौरान सामने आया था। उस समय देश आजादी के शुरुआती दौर में था और लोकतांत्रिक व्यवस्था को आकार दिया जा रहा था।
सदस्यों के सामने यह सवाल था कि लोकसभा में कितने प्रतिनिधि होने चाहिए। क्या इसकी सदस्य संख्या को एक तय सीमा में रखा जाए या फिर भविष्य में जरूरत के हिसाब से इसमें बदलाव की गुंजाइश होनी चाहिए?
इसी मुद्दे पर अर्थशास्त्री और समाजवादी विचारधारा से जुड़े केटी शाह ने अपनी राय रखी। उन्होंने लोकसभा की सदस्य संख्या पर अधिकतम सीमा तय करने के प्रस्ताव का विरोध किया।
संविधान सभा में केटी शाह ने लोकसभा की सीटों की अधिकतम संख्या 500 तय करने के प्रस्ताव के खिलाफ संशोधन पेश किया था। उनका तर्क था कि सदन की सदस्य संख्या पर इस तरह की सीमा लगाना सही नहीं होगा।
वह चाहते थे कि लोकसभा की सदस्य संख्या को 500 तक सीमित रखने का प्रावधान हटा दिया जाए। उनके इस रुख के पीछे यह विचार था कि देश की जरूरतों और प्रतिनिधित्व की मांग के अनुसार सदन की सदस्य संख्या बढ़ाने की गुंजाइश बनी रहनी चाहिए। हालांकि, उनका प्रस्ताव संविधान सभा के बाकी सदस्यों को सहमत नहीं कर पाया।
दूसरी ओर, कांग्रेस के सदस्य एम अनंतसायनम अयंगर ने लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 500 तय करने के प्रस्ताव का समर्थन किया। इस तरह संविधान सभा में इस मुद्दे पर दो अलग-अलग विचार सामने आए। एक पक्ष सीटों की संख्या पर कोई अधिकतम सीमा नहीं चाहता था, जबकि दूसरा पक्ष सदन की सदस्य संख्या को तय दायरे में रखने के पक्ष में था।
आखिरकार संविधान सभा ने केटी शाह के संशोधन को खारिज कर दिया। इसके बाद लोकसभा में सीधे चुने जाने वाले सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 तय करने का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया गया।
मौजूदा समय में लोकसभा में 543 निर्वाचित सदस्य हैं। अब इसकी सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव चर्चा में है। ऐसे में यह सवाल भी अहम हो गया है कि देश की आबादी, राज्यों के प्रतिनिधित्व और संसदीय व्यवस्था की जरूरतों के हिसाब से लोकसभा का आकार कितना होना चाहिए।
1949 की संविधान सभा की बहस यह साफ है कि लोकसभा की सदस्य संख्या का सवाल नया नहीं है। संविधान बनाने के समय भी इस पर अलग-अलग विचार थे।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय




