
केनरा बैंक में 538 करोड़ रुपए की कथित धोखाधड़ी के आरोपी जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल को शनिवार को मुंबई की एक विशेष अदालत पेश किया गया। एक रिपोर्ट के अनुसार नरेश गोयल ने इस दौरान कोर्ट में हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाते हुए कहा कि जीवन की हर उम्मीद खो दी है और अपनी वर्तमान स्थिति में जीने से बेहतर होगा कि वह जेल में मर जाए। अदालत के रिकॉर्ड के अनुसार, सत्तर साल से अधिक उम्र के व्यक्ति की आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने कहा कि वह अपनी पत्नी अनीता को बहुत याद करता है और कहा कि वह कैंसर के अंतिम चरण में है।
एक साल से जेल में है बंद
बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित बैंक धोखाधड़ी के मामले में पिछले साल एक सितंबर को गोयल को गिरफ्तार किया था। वह फिलहाल यहां आर्थर रोड जेल में न्यायिक हिरासत में हैं।
जमानत के लिए दायर की थी याचिका
जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल ने विशेष न्यायाधीश एम जी देशपांडे के समक्ष जमानत याचिका दायर की थी। उन्हें शनिवार को अदालत में पेश किया गया और कार्यवाही के दौरान गोयल ने कुछ मिनटों की व्यक्तिगत सुनवाई का अनुरोध किया, जिसे न्यायाधीश ने अनुमति दे दी।
पत्नी बिस्तर पर, इकलौती बेटी भी बीमार
अदालत के 'रोज़नामा' (दैनिक सुनवाई का रिकॉर्ड) के अनुसार, गोयल ने हाथ जोड़कर और पूरे शरीर में लगातार कंपन के साथ कहा कि उनका स्वास्थ्य बहुत खराब है। व्यवसायी ने कहा कि उनकी पत्नी बिस्तर पर हैं और उनकी इकलौती बेटी भी बीमार है। गोयल ने कहा कि जेल स्टाफ की उनकी मदद करने की अपनी सीमाएं हैं।
यह भी पढ़ें- 2024 में नौकरियों की बहार: पहले हफ्ते में 7 हजार से ज्यादा सरकारी पदों पर निकली भर्ती, ऐसे करें अप्लाई
कोर्ट ने उनके वकीलों को दिया ये खास निर्देश
न्यायाधीश ने कहा कि मैंने उसे धैर्यपूर्वक सुना और जब उसने अपनी बात रखी तो उस पर गौर भी किया। मैंने पाया कि उसका पूरा शरीर कांप रहा था। उसे खड़े होने के लिए भी सहायता की जरूरत है। गोयल ने अपने घुटनों की ओर इशारा करते हुए कहा कि उनमें सूजन और दर्द है और वह अपने पैरों को मोड़ भी नहीं सकते हैं। अदालत ने उनके वकीलों को उनके स्वास्थ्य को लेकर उचित कदम उठाने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें- नर्स की करतूत की वजह से 10 मरीजों की मौत, अस्पताल में मचा हड़कंप
Updated on:
7 Jan 2024, 12:16 PM IST
Published on:
7 Jan 2024, 12:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.