
अनुराग मिश्रा! नई दिल्ली: प्रयागराज में महाकुंभ 2025 की तैयारियां मिशन मोड पर की जा रही है। 12 साल में एक बार होने वाले सनातन धर्म के इस सबसे बड़े आयोजन को दिव्य और भव्य बनाने के लिए कोई कोर-कसर नहीं रखी जा रही है। महाकुंभ के दौरान विशेष अवसरों पर करोड़ों की संख्या में श्रद्धालुगण पुण्य की डुबकी लगाने प्रयागराज में संगम तट पर उमड़ेंगे।
महाकुंभ के दौरान 10 हजार से अधिक कर्मचारी स्वच्छता की जिम्मेदारी उठाएंगे। स्वच्छ कुंभ के लिए पूरे मेला क्षेत्र में लगभग डेढ़ लाख अस्थाई सामुदायिक एवं शिविर शौचालयों टॉयलेट को स्थापित किया जा रहा है। इसके लिए 300 से अधिक सक्शन गाड़ियां और जेट स्प्रे सफाई प्रणाली का इस्तेमाल किया जाएगा। शौचालयों की सफाई के लिए क्यूआर कोड के जरिए सेवा स्तर की निगरानी की जाएगी।
कुंभ नगरी को स्वच्छ रखने के लिए 120 टिपर-हॉपर और 40 कॉम्पेक्टर ट्रक को लगाया जाएगा। इन वाहनों की जीपीएस से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा 25 हजार से अधिक लाइनर बैग युक्त डस्टबिन भी कुंभ मेला क्षेत्र में रखी जाएंगी। इन्हें प्रतिदिन तीन बार बदला जाएगा।
बात सफाई कर्मचारियों की करें तो कुंभ के दौरान 10 हजार 200 कर्मियों की तैनाती होगी। ये 850 समूहों में काम करेंगे। योगी सरकार सभी सफाई कर्मचारियों के लिए स्वच्छता कॉलोनी का भी निर्माण कराएगी। सफाई कर्मचारियों की दैनिक मजदूरी का हस्तांतरण सीधे उनके बैंक खाते में किया जाएगा।
Updated on:
28 Jul 2024 06:26 pm
Published on:
28 Jul 2024 06:26 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
