
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी (Photo-IANS)
China humanoid robot Unitree Superman: चीन की एक कंपनी द्वारा ह्यूमनॉइड रोबोट के इंसानी धावक उसैन बोल्ट के 100 मीटर विश्व रिकॉर्ड से तेज दौड़ने का दावा किए जाने के बाद भारत में इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने चीन की बढ़ती रोबोटिक्स और सैन्य तकनीक को लेकर भारत को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।
मंगलवार को कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया है। जिसमें उन्होंने लिखा- अगर भारत ने सैन्य तकनीक के क्षेत्र में तेजी से प्रगति नहीं की तो आने वाले समय में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर भारत को रोबोट से लैस चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने आगे लिखा कि चीन द्वारा ह्यूमनॉइड रोबोट के क्षेत्र में किया जा रहा प्रभावशाली विकास भारत के लिए एक रियलिटी चेक होना चाहिए। तिवारी ने कहा कि खुद को उभरती हुई महाशक्ति बताने के बावजूद तकनीकी क्षेत्र में भारत चीन से काफी पीछे है।
कांग्रेस सांसद ने यह भी दावा किया कि चीन 75 महत्वपूर्ण तकनीकों में से 67 में अमेरिका से आगे है। उन्होंने कहा कि रोबोटिक्स में चीन की प्रगति केवल एक उदाहरण है और तकनीकी प्रतिस्पर्धा का दायरा इससे कहीं व्यापक है।
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी की पोस्ट पर बीजेपी की तरफ से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस की मानसिकता को चीनी करार दिया। उन्होंने कहा कि सबसे पहले हमें एलएसी पर कांग्रेस की मानसिकता से लड़ना होगा। डोकलाम में जब गतिरोध चल रहा था, तब चीनी तंबुओं के अंदर कांग्रेस के ही लोग पाए गए थे।
उन्होंने विपक्ष के नेता राहुल गांधी को चीनी रोबोट कहकर उन पर निशाना साधा। पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने कहा था मार डाला हमारी सेना को। वह चीनी रोबोट है। हमें उसकी मानसिकता से लड़ना होगा।
बता दें कि पिछले सप्ताह चीन के रोबोटिक्स उद्योग ने एक ह्यूमनॉइड रोबोट के प्रदर्शन से दुनियाभर का ध्यान खींचा। चीनी रोबोटिक्स कंपनी यूनिट्री (Unitree) ने दावा किया कि उसके नए ह्यूमनॉइड रोबोट सुपरमैन ने 100 मीटर की दूरी महज 9.39 सेकंड में पूरी की।
यह समय उसैन बोल्ट के 9.58 सेकंड के पुरुषों के 100 मीटर विश्व रिकॉर्ड से तेज है। कंपनी के मुताबिक, रोबोट की अधिकतम गति 12.66 मीटर प्रति सेकंड यानी करीब 45.6 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
कंपनी ने यह भी दावा किया कि सुपरमैन करीब दो मीटर ऊंची छलांग लगाने में सक्षम है। रोबोट के पैरों की लंबाई लगभग 0.85 मीटर बताई गई है और कंपनी के अनुसार वह खड़े-खड़े यह छलांग लगा सकता है।
Updated on:
25 Aug 2026 04:57 pm
Published on:
25 Aug 2026 03:51 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
