
मन की बात में पीएम मोदी ने कहा, कोरोनावायरस से सावधान रहें मास्क लगाएं
पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार 25 दिसंबर को वर्ष 2022 के अंतिम मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ (Mann Ki Baat) के 96वें संस्करण को सम्बोधित करते हुए कहाकि, कोरोनावायरस से सावधान रहें। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच पीएम मोदी ने जनता को सचेत करते हुए कहा, आप भी देख रहे हैं कि दुनिया के कई देशों में कोरोना बढ़ रहा है, इसलिए हमें मास्क और हाथ धुलने जैसी सावधानियों का और ज्यादा ध्यान रखना है। हम सावधान रहेंगे तो सुरक्षित भी रहेंगे और हमारे उल्लास में कोई रुकावट भी नहीं पड़ेगी।
2022 में 220 करोड़ कोरोनावायरस टीके, बना भारत का रिकॉर्ड
पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी 98वीं जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए पीएम मोदी ने कहाकि, 2022 में 220 करोड़ कोरोनावायरस टीकों के अविश्वसनीय आंकड़े को पार करने का भारत का रिकॉर्ड भी एक मील का पत्थर है।
'कालाजार' समाप्ति पर
पीएम मोदी ने 'कालाजार' की चुनौती के बारे में कहा कि, निरंतर प्रयासों से कालाजार नाम की बीमारी अब तेजी से खत्म हो रही है। कालाजार का कहर अब सिर्फ बिहार और झारखंड के चार जिलों तक ही सीमित है।
मन की बात में टाटा मेमोरियल अस्पताल का जिक्र
मन की बात में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई स्थित टाटा मेमोरियल अस्पताल के बारे में कहाकि, आप सभी ने मुंबई के इस संस्थान के बारे में जरूर सुना होगा। इस संस्थान ने शोध, नवोन्मेष, और कैंसर केयर के क्षेत्र में बहुत नाम कमाया है। इस केंद्र द्वारा की गई एक गहन शोध में सामने आया है कि स्तन कैंसर के मरीजों के लिए योग बहुत ज्यादा असरकारी है।
कई बीमारियों में योग के लाभ पर अध्ययन
पीएम मोदी ने कहा कि, कई और बीमारियों में भी योग के लाभ को लेकर अध्ययन किए जा रहे हैं। इनमें हृदय रोग, अवसाद, नींद की बीमारी और गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को होने वाली समस्याएं शामिल हैं।
कोरोना काल में दिख रहा योग व आयुर्वेद का महत्व
विश्व आयुर्वेद सम्मेलन गोवा को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि, जिस तरह कोरोना वैश्विक महामारी के वक्त में योग और आयुर्वेद की शक्ति को हम सभी देख रहे हैं, उसमें इनसे जुड़ी प्रामाणिक रिसर्च बहुत ही महत्वपूर्ण साबित होगी। भारत सहित दुनियाभर की करीब 215 कंपनियों ने गोवा आयुर्वेद सम्मेलन में अपने उत्पाद प्रदर्शित किए। चार दिनों तक चले इस आयुर्वेद एक्सपो में एक लाख से भी अधिक लोगों ने आयुर्वेद से जुड़े अपने साझा किए।
मन की बात के 100वें एपिसोड के लिए मांगे सुझाव
प्रधानमंत्री ने मन की बात के 100वें एपिसोड के लिए सुझाव भी मांगे। उन्होंने कहा कि 100वें episode में हम क्या बात करें, उसे कैसे खास बनाएं, इसके लिए आप मुझे अपने सुझाव भेजेंगे तो मुझे बहुत अच्छा लगेगा।
Updated on:
25 Dec 2022, 2:20 PM IST
Published on:
25 Dec 2022, 2:19 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.