
मानसून 27 मई को केरल तट पर पहुंचेगा (फोटो सोर्स-गूगल)
Monsoon 2025: देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। तेज गर्मी पड़ने से लोग परेशान हो रहे हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने मानसून 2025 को लेकर नया अपडेट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से पहले भारत में दस्तक देगा। विभाग के मुताबिक यह जल्दी शुरू होने का कारण अनुकूल जलवायु परिस्थितियां, जैसे ला नीना का प्रभाव और हिंद महासागर के तापमान में बदलाव, हो सकते हैं। मानसून जल्दी आने से किसानों के लिए अच्छी खबर है।
मौसम विभाग के मुताबिक 13 मई को दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पहुंच गया है। साथ ही निकोबार द्वीप समूह में पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश भी दर्ज की गई है।
दिल्ली में मानसून 2025 के जून के तीसरे हफ्ते से लेकर 29 जून तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अभी तक दिल्ली के लिए कोई निश्चित तारीख की पुष्टि नहीं की है। सामान्य तौर पर, दिल्ली में मानसून 25 जून के आसपास शुरू होता है। मौसम की अनिश्चितताओं के कारण तारीखों में कुछ बदलाव हो सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक इस बार केरल में मानसून तय समय से पहले पहुंचेगा। पहले केरल में एक जून के आस पास मानसून पहुंचता था लेकिन इस बार 27 मई को केरल तट पर पहुंचेगा। जो कि सामान्य तिथि से चार दिन पहले है। बता दें कि 2009 के बाद पहला मौका जब केरल में मानसून इतनी जल्दी दस्तक देगा।
वहीं केरल के बाद जून के पहले सप्ताह में मानसून कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में पहुंचेगा। 5 से 7 जून तक दक्षिण भारत के अधिकांश इलाकों में मानसून सक्रिय हो जाएगा।
मौसम विभाग ने बताया कि जुलाई के अंत तक मानसून पूरे देश को कवर लेगा। विभाग के मुताबिक गुजरात के कुछ हिस्सों में मानसून सबसे आखिर में 10-15 जुलाई तक पहुंचेगा।
Updated on:
18 May 2025, 9:59 PM IST
Published on:
18 May 2025, 9:59 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.