6 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

13.38 करोड़ का बिल पास करने के लिए मांगे 12 लाख, NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को CBI ने किया गिरफ्तार

NHAI: सीबीआई ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण शिलांग के प्रोजेक्ट डायरेक्टर समेत तीन लोगों को रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। जानिए पूरा मामला।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Rahul Yadav

image

अनुराग अनिमेष

Jul 06, 2026

NHAI news

NHAI

NHAI Bribery Case: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के एक मामले में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के शिलांग स्थित प्रोजेक्ट डायरेक्टर आनंद सिंह चौहान को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने 13.38 करोड़ रुपये के लंबित बिल को पास करने के बदले एक ठेकेदार से 12 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। मामले में हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल के आरोप भी सामने आए हैं।

CBI की गुवाहाटी स्थित एंटी करप्शन ब्रांच ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए आनंद सिंह चौहान को गिरफ्तार किया। जांच एजेंसी के अनुसार, चौहान ने ठेकेदार से कुल 12 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। आरोप है कि उन्होंने इस रकम में से पहले 4 लाख रुपये अग्रिम देने के लिए कहा था। यह रिश्वत कथित तौर पर 13.38 करोड़ रुपये के लंबित बिल को मंजूरी देने के बदले मांगी गई थी।

हवाला चैनल के जरिए रकम भेजने की बनाई गई योजना

CBI की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अधिकारी ने ठेकेदार को रिश्वत की रकम सीधे अपने पास देने के बजाय गुवाहाटी में मौजूद 'पुनीत' नाम के व्यक्ति को सौंपने के निर्देश दिए थे। इसके बाद कथित तौर पर इस रकम को हवाला नेटवर्क के जरिए जयपुर भेजने की योजना बनाई गई।

जांच एजेंसी के मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया को अंजाम देने के लिए आनंद सिंह चौहान ने ठेकेदार को व्हाट्सऐप पर 10 रुपये के एक नोट की तस्वीर भेजी थी। आरोप है कि उन्होंने उस नोट के सीरियल नंबर को पहचान के तौर पर इस्तेमाल करने को कहा, ताकि हवाला चैनल के माध्यम से भेजी जाने वाली 12 लाख रुपये की रकम की पहचान की जा सके। CBI का दावा है कि आरोपी ने जयपुर में रकम प्राप्त करने के लिए 'मीना' नाम के एक व्यक्ति का संपर्क भी ठेकेदार को उपलब्ध कराया था। एजेंसी इस कथित हवाला नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

दो आरोपी CBI रिमांड पर

मामले में CBI ने इस कथित रिश्वत और हवाला नेटवर्क से जुड़े दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ और मामले की गहन जांच के लिए दो दिन की CBI रिमांड पर भेजा गया है। CBI ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। एजेंसी रिश्वतखोरी, हवाला नेटवर्क और इस पूरे कथित लेनदेन में शामिल सभी लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

बड़ी खबरें

View All

राष्ट्रीय

ट्रेंडिंग