24 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जमशेदपुर में दर्दनाक हादसा: ‘मेरे पास शब्द नहीं हैं…’, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी की मौत पर भावुक हुए निशिकांत दुबे

Jamshedpur Road Accident: झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई।
2 min read
Google source verification

भारत

image

kamlesh sharma

Sep 24, 2026

Jamshedpur Road Accident

Jamshedpur Road Accident (Photo-IANS)

Jamshedpur Road Accident: देवघर/जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार सड़क किनारे ब्रेकडाउन खड़े ट्रेलर के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा ट्रेलर के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गया और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में तृषा सिंह के अलावा सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल की भी मौत हुई है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है।

निशिकांत दुबे ने जताया दुख

तृषा सिंह के निधन पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार से उनके परिवार के पुराने और पारिवारिक संबंध हैं। उन्होंने कहा कि इस दुखद खबर को सुनने के बाद उनके पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं। दुबे ने बताया कि सुबह हादसे की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने सबसे पहले मंत्री के पति से फोन पर बात की। उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

CM हेमंत सोरेन ने भी जताई संवेदना

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी और अन्य लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संतान को खोने का दुख किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और राज्य के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी दीपिका पांडेय सिंह और अन्य मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

रात से सड़क पर खड़ा था ट्रेलर

पुलिस के अनुसार, हादसा गुरुवार तड़के करीब 3 बजे हुआ। कार पश्चिम बंगाल की ओर से जमशेदपुर आ रही थी। इसी दौरान मरीन ड्राइव पर खड़े ट्रेलर से कार की जोरदार टक्कर हो गई। डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर ने बताया कि ट्रेलर बुधवार रात करीब 10 बजे खराब होने के बाद सड़क पर खड़ा था। टक्कर के बाद कार में सवार लोग बुरी तरह फंस गए। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गैस कटर की मदद से शवों को कार से बाहर निकाला। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर और सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रेलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार तेज रफ्तार में थी और चालक नियंत्रण नहीं रख सका। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।