
CJP Protest Nitin Nabin (Photo-ANI)
CJP Protest Nitin Nabin on Rahul Gandhi :नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश में शांति और सद्भाव के साथ रह रहे 140 करोड़ लोगों के बीच अस्थिरता पैदा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। नितिन नवीन ने कहा कि इसके पीछे राजनीतिक एजेंडा है और विदेशी ताकतों के इशारे पर ऐसा किया जा रहा है।
नितिन नवीन ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व वाला 'इंडी गठबंधन' और अरविंद केजरीवाल के सहयोगियों का समूह सीजेपी देश में अस्थिरता पैदा करने की होड़ में लगा है। उन्होंने कहा कि दोनों समूहों को समझना चाहिए कि देश की जनता उनकी मंशा को समझ रही है। जनता ने उन्हें नकार दिया है, लेकिन वे जनादेश को स्वीकार करने और उससे सीख लेने के बजाय देश को अस्थिर करने की साजिश रच रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दुनिया में लगातार संकट बने रहने के बावजूद भारत विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। देश की प्रगति, विकास और उन्नति कुछ लोगों को पसंद नहीं आ रही है। वे भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक हितों के लिए विदेशी ताकतों के इशारे पर देश को अस्थिर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र बेहद मजबूत है। देश के लोकतंत्र को कमजोर करने के किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि देश के देशभक्त एकजुट होकर ऐसी कोशिशों को नाकाम करेंगे। भाजपा अध्यक्ष ने विपक्षी दलों को चेतावनी देते हुए कहा कि देश में अस्थिरता पैदा करने की उनकी कोशिशें सफल नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि भारत लगातार विकास कर रहा है और देश की जनता लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने वाले प्रयासों का जवाब देगी।
उधर, सीजेपी के विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के हजारों जवानों की तैनाती की गई है। दिल्ली के कुछ इलाकों को छावनी में तब्दील किया गया है। राजधानी में लगभग 45 मेट्रो स्टेशन बंद हैं। दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इसके अलावा, जंतर-मंतर के आसपास के 4 किलोमीटर में इंटरनेट सेवाओं को भी बंद रखा गया है। उधर, दिल्ली पुलिस ने राजधानी से सटे दूसरे राज्यों की सीमाओं पर भी सुरक्षा बढ़ाई है। अहम जगहों पर पुलिसकर्मी और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान तैनात किए गए हैं।
Updated on:
10 Oct 2026 10:45 am
Published on:
10 Oct 2026 10:26 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
