30 अक्टूबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

देश में बाघों की संख्या बढ़कर हुई 3167, PM मोदी ने जारी किया नया आंकड़ा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस महीने की शुरुआत में प्रोजेक्ट टाइगर के 50 साल पूरे होने के मौके पर रविवार को भारत में बाघों की आबादी पर सर्वेक्षण जारी किया। पीएम मोदी ने बताया कि भारत में बाघों की संख्या 3167 है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Shaitan Prajapat

•

Updated: 9 Apr 2023, 2:30 PM IST

pm modi

pm modi

देश में आज यानी 9 अप्रैल को बाघों की संख्या का नया आंकड़ा मिल गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रोजेक्ट टाइगर शुरू होने के 50 साल पूरे होने पर मैसुरु में मेगा इवेंट में बाघों के नवीनतम आंकड़े जारी किए। नए आंकड़ों के अनुसार, देश में बाघों की आबादी 2018 में 2,967 से बढ़कर 2022 में 3,167 हो गई है। आयोजन के दौरान मोदी ने अमृत काल के दौरान बाघ संरक्षण के लिए सरकार के दृष्टिकोण को भी जारी किया और अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट्स एलायंस (आईबीसीए) का भी शुभारंभ किया। इस अवसर पर 'प्रोजेक्ट टाइगर' के 50 वर्ष पूरे होने पर एक स्मारक सिक्का भी जारी किया गया।

दो दशकों में बाघों की संख्या हुई दोगुनी


प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में नवीनतम बाघ जनगणना के आंकड़ों का खुलासा किया और घोषणा की कि देश में बाघों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। आंकड़ों के अनुसार, भारत में वर्ष 2022 तक 3167 बाघ हैं। 2018 से 200 बाघों की वृद्धि है। 2018 में देश में 2967 थे। आंकड़ों से यह भी पता चला है कि देश में पिछले दो दशकों में बाघों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई है। 2006 में भारत में 1411 बाघ थे, 2010 तक संख्या बढ़कर 1706 हो गई। 2024 में देश में 2226 बाघ थे और इससे भारत की बाघों की आबादी में वृद्धि देखी गई।

चीते दशकों पहले भारत में विलुप्त हो गए थे


इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि हम पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच टकराव में विश्वास नहीं रखते, लेकिन उनके सह-अस्तित्व को महत्व देते हैं। उन्होंने कहा कि चीते दशकों पहले भारत में विलुप्त हो गए थे। हम इस शानदार बड़ी बिल्ली को नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से भारत लाए। यह बिग कैट का पहला सफल ट्रांस-कॉन्टिनेंटल ट्रांसलोकेशन है।



यह भी पढ़ें- थेप्पाकडु एलिफेंट कैंप में हाथी को खिलाया गन्ना, जंगल सफारी पर PM मोदी का जुदा अंदाज, देखें VIDEO

बाघ को फलने-फूलने के लिए एक बेहतरीन इकोसिस्टम दिया


पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया के केवल 2.4% भूमि क्षेत्र के साथ भारत वैश्विक विविधता में लगभग 8% योगदान देता है। उन्होंने कहा कि हम सभी एक बहुत ही महत्वपूर्ण मील का पत्थर देख रहे हैं, प्रोजेक्ट टाइगर के 50 वर्ष। भारत ने न केवल बाघ को बचाया है बल्कि उसे फलने-फूलने के लिए एक बेहतरीन इकोसिस्टम भी दिया है।


यह भी पढ़ें- टाइगर रिजर्व जाने से पहले कुछ इस अंदाज में दिखे PM मोदी


प्रोजेक्ट टाइगर की सफलता पूरे विश्व के लिए गर्व की बात


प्रोजेक्ट टाइगर बड़ी बिल्लियों की सुरक्षा और संरक्षण का मार्ग प्रशस्त करता है। प्रकृति की रक्षा करना भारतीय संस्कृति का अंग है। प्रोजेक्ट टाइगर की सफलता न केवल भारत के लिए बल्कि पूरे विश्व के लिए गर्व की बात है। भारत ने आजादी के 75 साल पूरे कर लिए हैं; और साथ ही, दुनिया की बाघों की आबादी का 75% भारत में है।