16 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

PM Modi के जन्मदिन पर होगी खास तोहफों की नीलामी, सबसे महंगा है भगवान राम का खास उपहार

PM Mementos e-auction: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन यानी 17 सितंबर से PM Mementos e-auction का आठवां संस्करण शुरू होगा। इस बार 1,498 तोहफे नीलामी में शामिल होंगे। इनमें भगवान राम का चांदी का ममेंटो सबसे ज्यादा 13.50 लाख रुपये की बेस कीमत वाला है।
2 min read
Google source verification
PM Mementos e-auction News

पीएम मोदी के जन्मदिन पर खास नीलामी होगी। (फोटो- X post/ @Indianinfoguide)

PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर संस्कृति मंत्रालय उनको मिले उपहारों की निलामी करने जा रहा है। इसके तहत संस्कृति मंत्रालय 17 सितंबर को पीएम मेमेंटोज ई-ऑक्शन (PM Mementos e-auction) के आठवें संस्करण की शुरुआत करेगा। इसमें पीएम मोदी को मिले 1,498 उपहारों को आम जनता की बोली के लिए रखा जाएगा। इस बार इस सबसे ज्यादा चर्चा भगवान राम के चांदी के ममेंटो की है, जिसकी शुरुआती कीमत सबसे ज्यादा रखी गई है।

50 खास चीजें होंगी आकर्षण का केंद्र

इस बार नीलामी में 50 वस्तुओं को 'हीरो ऑब्जेक्ट्स' के तौर पर चुना गया है। इनमें सबसे ज्यादा बेस कीमत कर्नाटक से मिले भगवान राम के चांदी के ममेंटो की है। इसकी शुरुआती कीमत 13.50 लाख रुपये रखी गई है। भगवान राम के चांदी के ममेंटो के बाद काकतीय कला थोरनम की चांदी की प्रतिकृति है, जिसकी बेस कीमत 9 लाख रुपये है। 'ट्री ऑफ लाइफ' नाम की फ्रेम की गई गोंड पेंटिंग की शुरुआती कीमत 7.50 लाख रुपये है। इसके बाद रथ पर सजे जगन्नाथ परिवार की कलाकृति की बेस कीमत 6 लाख रुपये और 99.99% शुद्ध सोने से प्लेटेड राधा-कृष्ण कलाकृति की कीमत 5.40 लाख रुपये है।

देशभर से आए हैं ये तोहफे

संस्कृति मंत्रालय के मुताबिक, ये ममेंटो देश के अलग-अलग हिस्सों से मिले हैं। पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, बिहार और ओडिशा से बड़ी संख्या में वस्तुएं शामिल हैं। इनमें भारतीय कला, पारंपरिक कारीगरी, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं के साथ खेल उपलब्धियों की झलक भी दिखाई देती है।

नीलामी से अब तक जुटे 52 करोड़ रुपये से ज्यादा

संस्कृति मंत्रालय के अनुसार पहली पीएम मेमेंटोज नीलामी जनवरी 2019 में हुई थी। तब से अब तक इससे 52 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाए जा चुके हैं। सबसे महंगी बिक्री नीरज चोपड़ा के टोक्यो ओलंपिक के भाला की रही, जो 2021 में 1.5 करोड़ रुपये में बिका था। पिछली नीलामियों की तरह इस बार भी इससे मिलने वाली रकम नमामि गंगे कार्यक्रम में जाएगी। यह केंद्र सरकार की गंगा के संरक्षण और उसे फिर से साफ-सुथरा बनाने की प्रमुख योजना है।

नीलामी से पहले देख सकेंगे ममेंटो

ई-नीलामी से पहले इन सभी ममेंटो की प्रदर्शनी नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट (NGMA) में लगाई जाएगी। संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि पीएम मोदी मानते हैं कि देश ने उन्हें जो दिया है, वह सिर्फ उनके पास रखने के लिए नहीं, बल्कि लोगों को वापस लौटाने के लिए है।