
नई दिल्ली। पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक ( PM Modi Security Breach ) को लेकर लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। राजनीतिक बयानबाजियों के बीच अब किसान नेताओं की ओर से भी प्रतिक्रियाएं आना शुरू हो गई हैं। इस मामले के सुप्रीम कोर्ट में जाने के बाद किसान नेता राकेश टिकैत ( Rakesh Tikait ) का बड़ा बयान सामने आया है। राकेश टिकैत ने कहा है कि ये सब सहानुभूति बंटोरना का स्टंट है। टिकैत ने इस घटनाक्रम को स्टंट बता कर एक और विवाद को जन्म दे दिया है। बता दें कि पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक को लेकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी चिंता जाहिर की है।
पंजाब दौरे पर पीएम नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में चूक का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। अब इस मामले में किसान नेता राकेश टिकैत ने विवादित बयान दिया है। टिकैत ने कहा है कि सहानुभूति बंटोरने के लिए इस तरह के तरीके खोजे जा रहे हैं।
यह भी पढ़ेँः PM Security Breach: सुरक्षा चूक मामले पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिले पीएम मोदी, घटना पर जताई चिंता
सहानुभूति हासिल करने का सस्ता तरीका
भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने अपने बयान में कहा है कि, 'जब पीएम पंजाब आ रहे थे तो उन्होंने सुरक्षा को लेकर क्या इंतजाम किए थे? उनके सुरक्षित लौटने की खबर से साफ हो जाता है कि यह एक स्टंट था। यह जनता की सहानुभूति हासिल करने का सस्ता तरीका खोजने की कोशिश थी।'
बता दें कि बुधवार को पीएम नरेंद्र मोदी का फिरोजपुर दौरा पूर्व प्रस्तावित था। लेकिन वे प्रदर्शनकारियों के रास्ता रोके जाने के कारण जनसभा तक नहीं पहुंच पाए और वापस लौट गए। इस दौरान पीएम मोदी के साथ पंजाब में सुरक्षा को लेकर भारी चूक का मामला सामने आया है।
इस दौरान पीएम मोदी जब बठिंडा एयरपोर्ट पहुंचे तो उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों से ये तक कह डाला कि, अपने मुख्यमंत्री की थैंक्स कह देना कि मैं एयरपोर्ट तक जिंदा लौट आया।
यह भी पढ़ेँः PM Security Breach: सुप्रीम कोर्ट पहुंचा प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक का मामला, CM चन्नी ने भी बनाई जांच कमेटी
बीजेपी नेताओं की कड़ी निंदा
पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक को लेकर बीजेपी नेताओं ने कड़ी निंदा की है। यही नहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तो गुरुवार को पीएम मोदी की सलामती के लिए बकायदा महामृत्युंजय यज्ञ भी करवाया।
वहीं पंजाब सरकार की ओर इस चूक की जांच को लेकर उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया गया है। हालांकि इस जांच कमेटी को भी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अश्वीन ने कड़ा ऐतराज जताया है। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा है कि सीएम खुद इस चूक के लिए जिम्मेदार हैं, लिहाजा उनकी ओर से गठित कमेटी पर कैसे भरोसा किया जाए।
Published on:
6 Jan 2022, 3:27 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.