
राहुल गांधी(फोटो-IANS)
Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने दावा किया कि दिल्ली के त्रिलोकपुरी में SIR को लेकर आयोजित जनसुनवाई के दौरान सिर्फ चार बूथों पर 416 वोट काटे जाने के मामले सामने आए। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाताओं के नाम बिना किसी जायज कारण के और गैरकानूनी तरीके से हटाए गए हैं। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में हर बूथ के ऑडिट की मांग करते हुए कहा कि इससे कथित वोट चोरी का असली पैमाना सामने आएगा। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को निशाने पर लेते हुए लिखा, 'जितना छिपना है, छिप लीजिए। जाना तो पड़ेगा ही।'
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में त्रिलोकपुरी में हुई जनसुनवाई का जिक्र करते हुए दावा किया कि वहां मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के सबूत सामने आए हैं। उनके मुताबिक, सिर्फ चार बूथों पर 416 वोट काटे गए। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई जायज कारणों के बिना और नियमों के खिलाफ की गई। उन्होंने मांग की कि हर बूथ का ऑडिट कराया जाए, ताकि मतदाता सूची में नाम हटाने की प्रक्रिया की जांच हो सके।
राहुल गांधी ने एक दिन पहले भी मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं, नियम-कानून तोड़े जा रहे हैं और सवाल उठाने वालों पर लाठियां चलाई गईं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर चुप नहीं रहा जाएगा और लोगों से 1 नवंबर को दिल्ली पहुंचने की अपील की। कांग्रेस की ओर से घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, 'वोट बचाओ, देश बचाओ' जन मार्च और महारैली 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित की जाएगी।
राहुल गांधी ने अपने संदेश में छात्रों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों से रैली में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की चिंता करने वाले सभी लोगों को इस कार्यक्रम में हिस्सा लेना चाहिए।
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट के अंत में बीजेपी और उसके सहयोगियों पर तंज कसते हुए कहा कि वे इस कार्यक्रम का प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने उनसे अगले सात दिनों तक भी इसी तरह प्रचार जारी रखने की बात कही। कांग्रेस इस कार्यक्रम के जरिए मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और SIR की प्रक्रिया को लेकर अपना विरोध दर्ज कराने की तैयारी कर रही है।
Updated on:
27 Oct 2026, 10:48 PM IST
Published on:
27 Oct 2026, 10:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.