Satish Kaushik Death Case: अपनी अदाकारी से लोगों को हंसाने वाले बॉलीवुड के फेमस एक्टर और डायरेक्टर सतीश कौशिक का 66 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनकी मौत से पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री शोक में डूबी है। साथ ही कौशिक के फैंस को भी तगड़ा शॉक लगा है। लोगों को विश्वास नहीं हो रहा कि सबको हंसाने वाला एक्टर ऐसे छोड़ गया। सतीश कौशिक 7 मार्च को होली से एक दिन पहले मुंबई में फिल्मी सितारों के साथ होली खेलते नजर आए थे। 8 मार्च को वो परिजनों के साथ होली मनाने दिल्ली पहुंचे। जहां रात में उनकी तबियत बिगड़ी और गुरुवार सुबह उनकी मौत की पुष्टि हुई। सतीश कौशिक की असामान्य मौत की जांच दिल्ली पुलिस ने शुरू कर दी है। सतीश कौशिक के मुंबई से दिल्ली आने, यहां होली मनाने, फिर तबियत बिगड़ने और मौत के पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है। इधर सतीश कौशिक की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।