
तेज प्रताप यादव(फोटो-IANS)
Tej Pratap Yadav News: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने केंद्र और बिहार सरकार से मामले की गंभीरता से जांच कराने के साथ-साथ उन्हें तत्काल पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की अपील की है। तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया साइट 'X' पर पोस्ट कर पिछले कुछ दिनों में सामने आई घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनकी सुरक्षा को लेकर लगातार गंभीर परिस्थितियां बन रही हैं और ऐसे मामलों को सामान्य तौर पर नहीं लिया जाना चाहिए।
तेज प्रताप यादवके मुताबिक, दो दिन पहले उनके आवास के बाहर दो लोगों को शराब के नशे में पकड़ा गया था। इसकी सूचना सचिवालय थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। उन्होंने आगे बताया कि दोनों लोगों को पुलिस के हवाले किए जाने के बाद उनके परिजन भी उनके आवास के बाहर पहुंच गए और वहां घेराव किया। तेज प्रताप ने इस घटनाक्रम को सुरक्षा की दृष्टि से बेहद चिंताजनक बताया।
तेज प्रताप यादव का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की गंभीरता से जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके। उनकी चिंता सिर्फ आवास की सुरक्षा तक सीमित नहीं है। उन्होंने अपने सार्वजनिक कार्यक्रमों और आवागमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाया है।
तेज प्रताप यादव ने अपने पोस्ट में कहा कि बिहार के अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों में उनके कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। उनका कहना है कि पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण उनके आवागमन और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सक्रिय होने के कारण उन्हें अलग-अलग जगहों पर कार्यक्रमों में शामिल होना पड़ता है। ऐसे में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उनके लिए जरूरी है।
तेज प्रताप यादव ने केंद्र सरकार और बिहार सरकार से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने की अपील की है। साथ ही उन्होंने अपने आवास और आवागमन की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और उन्हें तत्काल पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए समय रहते जरूरी कदम उठाना बेहद जरूरी है।
Updated on:
30 Aug 2026 06:07 pm
Published on:
30 Aug 2026 05:23 pm
