
CM Telangana KCR Letter to PM Modi for not joining meeting of NITI Aayog
तेलंगाना में विधानसभा चुनावों को लेकर सभी पार्टियां तैयारी में जुटी हुई हैं। इस दौरान आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है। कोई भी पार्टी दूसरी पार्टी पर हमला करने का एक अवसर नहीं छोड़ रही है। अब तेलंगाना के मुख्यमंत्री चंद्रशेखर राव ने मोदी सरकार पर बड़ा हमला करते हुए कमजोर शासनतंत्र करार दिया है और पीएम मोदी को इतिहास का सबसे कमजोर पीएम बताया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार हटनी चाहिए और गैर-बीजेपी सरकार को सत्ता में आना चाहिए।
देश में अघोषित आपातकाल
सीएम केसीआर ने आज फिर से बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम केसीआर ने कहा 'इंदिरा गांधी का धन्यवाद, वो काफी साहसी थीं जिन्होंने आपातकाल घोषित किया। ये एक प्रत्यक्ष, घोषित आपातकाल था। लेकिन आज भारत में एक अघोषित आपातकाल है।'
इस दौरान केसीआर ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा नूपुर शर्मा विवाद पर की गई टिप्पणी की भी सराहना की। उन्होंने कहा, "जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस परदीवाला, मैं आपको सलाम करता हूं। कृपया भारत को बचाने के लिए यही भावना रखें। न्यायपालिका को देश को इन गद्दारों, राक्षसों और तानाशाहों से बचाना है।"
बीजेपी ने देश के लिए कुछ नहीं किया
उन्होंने आगे कहा, 'बीजेपी ने न केवल तेलंगाना बल्कि देश के लिए भी कुछ नहीं किया। देश की जनता की ओर से पूछे गए सवाल का वह जवाब नहीं दे पाए। मैंने प्रधानमंत्री से केवल लोगों के संबंध में कुछ प्रश्न पूछे।'
डॉलर के मुकाबले कमजोर हुए रुपये से जुड़ी एक क्लिप शेयर करते हुए केसीआर ने कहा, 'रुपया अब 80 को छूने वाला है। इसका जवाब क्यों नहीं दिया? वही सवाल तो कर रहे हैं जो कभी वो पूर्व की सरकारों से पूछा करते थे।'
पीएम मोदी सबसे कमजोर पीएम
केसीआर ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, 'पीएम मोदी अब तक के सबसे कमजोर पीएम हैं। ईंधन की बढ़ती कीमतों से लेकर बढ़ती बेरोजगारी तक, कई घोटाले और नफरती अपराध तक। पीएम मोदी के पास इनके जवाब नहीं।'
Updated on:
10 Jul 2022, 10:18 PM IST
Published on:
10 Jul 2022, 9:47 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.