
Jammu and Kashmir Encounter : भारतीय सुरक्षाबलों ने मंगलवार को दो आतंकियों को राजौरी के कालाकोट जंगल में मार गिराया है। 48 घंटे से चल रही इस मुठभेड़ में तीन पैराकमांडो घायल हुए हैं। भारतीय सुरक्षाबलों को आतंकियों के राजौरी स्थित कालाकोट जंगल में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद आतंकियों की तलाश जंगल में शुरू हो गई। सुरक्षाबलों को करीब आते देख आतंकियों ने फायरिंग शुरू की और फिर जवाबी फायरिंग में दो आतंकी मारे गए। 9 पैरा कमांडो स्पेशल यूनिट के तीन जवान भी चोटिल हुए हैं।
घने जंगल और गुफाओं से घिरा है
भारतीय सुरक्षा बलों को अभी भी यहां तीन आतंकियों के होने की सूचना है। पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। कालाकोट का यह इलाका काफी घने जंगल से घिरा हुआ है। इसमें गुफाएं भी हैं। ऐसे में आतंकियों के लिए यह बेहतर पनाहगाह बन गया है। आतंकियों की तलाश के लिए खोजी कुत्तों और ड्रोन की भी मदद ली जा रही है।
48 घंटे से चल रहा आपरेशन
कालाकोट जंगल में 48 घंटे से आपरेशन चल रहा है। भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू और कश्मीर पुलिस के जवान आपरेशन में लगे हुए हैं। तीनों सुरक्षाबलों के आला अधिकारी भी नजर बनाए हुए हैं। गौरतलब है कि करीब 10 दिन पहले ही अनंतनाग के कोकेरनाग में सात दिनों तक आतंकी आपरेशन चला था। इसमें सेना के दो अधिकारी व एक जवान शहीद हो गए थे वहीं जम्मू कश्मीर पुलिस के भी एक डीएसपी ने शहादत दी।
Published on:
3 Oct 2023, 3:59 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.