
वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में नई व्यवस्था, फ्लाइट की तर्ज पर होगी सफाई, रेल मंत्री का ऐलान
Vande Bharat express train Change वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन (Vande Bharat express) भारतीय रेलवे का ड्रीम प्रोजेक्ट है। पर वंदे भारत ट्रेन में गंदगी एक बड़ा मुद्दा बन गई है। सोशल मीडिया पर वीडियो खूब वायरल हुआ। इस वीडियो में वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की सफाई के बारे में हकीकत दिखाई गई। इस वीडियो को संज्ञान में लेने के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव अलर्ट हो गए, और तत्काल एक नया आदेश जारी किया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस विषय से सम्बंधित अफसरों को निर्देश दिया कि, वंदे भारत एक्सप्रेस की सभी ट्रेनों में अब सफाई फ्लाइट की तर्ज पर की जाएगी। रेल मंत्री ने कहाकि, ठीक वैसे ही एक व्यक्ति कचरा संग्रह बैग को लेकर कोच में बैठे यात्रियों की सीट के पास जाएगा और यात्रियों को बैग में कचरा डालने के लिए कहेगा। अश्विनी वैष्णव ने एक ट्वीट में कहा कि, वंदे भारत ट्रेनों में सफाई व्यवस्था में बदलाव किया गया है और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में लोगों से सहयोग मांगा है।
यात्रियों का रेल मंत्री से आग्रह
दरअसल सोशल मीडिया पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की तस्वीरों को ट्वीट किया गया था। फोटो में इस्तेमाल किए गए खाने के पैकेट और अन्य कचरा बिखरा हुआ था। इन फोटो को देखकर लोगों ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मामले में तत्काल कार्रवाई का आग्रह किया था।
सिकंदराबाद-विशाखापत्तनम वंदे में पाई गई गंदगी
ऐसा ही सिकंदराबाद-विशाखापत्तनम वंदे भारत एक्सप्रेस के प्लेट, कप और अन्य कचरे के फैले होने की खबरें थीं। इस संबंध में रेलवे अधिकारियों ने कहा कि, विशाखापत्तनम पहुंचने पर ट्रेन में गंदी पाई गई, जबकि हाउसकीपिंग स्टाफ ने नियमित अंतराल पर अपना काम किया।
मौजूदा वक्त में देश में आठ वंदे भारत ट्रेनें
मौजूदा वक्त में देश में आठ वंदे भारत ट्रेनें चल रही है। रेलवे हर माह एक से दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने की योजना पर काम कर रहा है। इन ट्रेनों में टर्नराउंड समय काफी कम होता है, इसलिए इस नई व्यवस्था से सफाई स्थापित करने में मदद मिलेगी।
Updated on:
29 Jan 2023, 4:18 PM IST
Published on:
29 Jan 2023, 4:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.