
who give approval to covovax corona vaccine for emergency use
नई दिल्ली। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की कोवोवैक्स को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मंजूरी दे दी है। बता दें कि सीरम इंस्टीट्यूट के सीईओ अदार पूनावाला ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की है। अदार पूनावाला ने ट्विटर पर लिखा कि 'कोवोवैक्स को WHO ने मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में यह अभी तक मील का पत्थर साबित होगा। विश्व स्वास्थ्य संगठन से मंजूरी मिलने के बाद अब कोरोना के खिलाफ लड़ाई और मजबूत होगी। बता दें कि कोवोवैक्स को दो खुराक की आवश्यकता होती है और यह 2 से 8 डिग्री सेल्सियस रेफ्रिजेरेटेड तापमान पर स्थिर होता है।
बढ़ गई सीरम की उम्मीदें
बता दें कि अमेरिका में कोरोना टीकाकरण अभियान में इस्तेमाल हो रही नोवावैक्स वैक्सीन को भारत में कोवोवैक्स के नाम से तैयार किया गया है। वहीं सीरम इंस्टीट्यूट ने कई दिनों पहले भारत में इस वैक्सीन के आपातकालीन इस्तेमाल के लिए अनुमति मांगी थी, हालांकि सरकार ने किसी कारणवश इसे मंजूरी नहीं दी थी। वहीं अब जब इस वैक्सीन को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने मंजूरी दे दी है तो अब कोवोवैक्स को भारत में मंजूरी मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
सरकार से मंजूरी मिलने का है इंतजार
खास बात यह है कि सीरम की यह वैक्सीन खास तौर पर बच्चों के लिए होगी। वहीं भारत में इसका पिछले कई महीनों से ट्रायल भी चल रहा है। सीरम के सीईओ सरकार से इस वैक्सीन को मंजूरी देने की सिफारिश कर रहे थे। उन्होंने हाल ही में कहा था कि देश में जल्द ही बच्चों का कोरोना टीकाकरण भी शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए बस सरकार से मंजूरी मिलने का इंतजार है।
बता दें कि भारत में इस वैक्सीन को मंजूरी मिलने के बाद कोरोना के खिलाफ जंग और तेज हो जाएगी। भारत में DCGI सीरम इंस्टीट्यूट को 12 से 17 साल की उम्र के बच्चों पर कोवोवैक्स टीके के परीक्षण की मंजूरी दी थी। वहीं सीरम इंस्टीट्यूट 100 बच्चों पर इसका ट्रायल कर चुकी है, जिसका डेटा DCGI को सौंप दिया गया है। वहीं कई देशों में कोवोवैक्स को आपातकालीन इस्तेमाल की मंजूरी मिल चुकी है। गौरतलब है कि भारत में ओमिक्रॉन के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में बच्चों की वैक्सीन पर चर्चा तेज हो गई है। अब उम्मीद है कि भारत को जल्द ही बच्चों की वैक्सीन मिल जाएगी।
Published on:
17 Dec 2021, 10:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.