नीमच. ट्रॉसपोर्ट एसोसिएशन की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। तीन दिनों में प्रत्येक ट्रॉसपोर्ट संचालक को लाखों रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है। हड़ताल को गति देने के लिए सोमवार को एसोसिएशन के बैठक रखी गईहै। इस बैठक में बड़ा निर्णय लिया जा सकता है।
मंडी व्यापारियों से आज मांगेंगे समर्थन
ट्रॉसपोर्टरों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के तीसरे दिन भी केंद्र सरकार पर इसका कोई असर दिखाई नहीं दिया। इसको लेकर ट्रॉसपोर्टरों ने सख्त कदम उठाने की योजना बनाईहै। इसके तहत बड़े सोयाबीन प्लॉटों के संचालकों से ट्रॉसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने रविवार को सम्पर्क किया गया। शहर से लगे तीन बड़े सोयाबीन प्लॉटों की ओर से संचालकों ने हड़ताल का समर्थन करने की बात कही है। इन प्लॉटों पर प्रतिदिन 75 से 100 तक ट्रक माल लेकर पहुंचते हैं। ऐसे में हड़ताल का समर्थन करने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होगी। हड़ताल को और गति देने के लिए सोमवार को एसोसिएशन के पदाधिकारी व्यापारी संघ अध्यक्ष राकेश भारद्वाज और अन्य पदाधिकारियों से मिलकर समर्थन देने की मांग करेंगे। कृषि उपज मंडी का समर्थन मिलने पर नि:संदेह किसानों पर इसका प्रतिकूल असर पड़ेगा। मंडी में प्रतिदिन बड़े स्तर पर उपज की आवक होती है। व्यापारी संघ का समर्थन मिलने के बाद संभवत: मंडी में लेन देन न हो।
हर माह भरते हैं करीब 55 हजार टोल टैक्स
नीमच ट्रॉसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष धनसिंह वर्मा ने बताया कि नीमच से पूना के लिए एक बार ट्रक जाता है तो विभिन्न टोलों पर करीब 11 हजार रुपए का भुगतान करना पड़ता है। एक ट्रक प्रतिमाह 5 ट्रिप करता है इस मान से केवल टोल टैक्स के रूप में ही ट्रॉसपोटर 55 हजार रुपए सरकार के खाते में जमा करा देता है। सरकार ने फस्ट पार्टी बीमा ही 55 हजार से 70 हजार रुपए कर रखा है। हर साल बीमा नवीनीकरण कराना पड़ता है। बिना बीमा फिटनेस नहीं बनता। 55 हजार प्रतिमाह टोल भरने, हजारों रुपए बीमा, प्रतिमाह चालक व खल्लासी का प्रतिमाह हजारों रुपए का वेतन, डीजल आदि आदि का खर्चा जोड़ ले तो एक ट्रॉसपोटर के हाथ में अधिक कुछ नहीं बचता। ऐसे ही हालात रहे तो कई ट्रॉसपोटर दीवालिया हो जाएंगे। सरकार को इस बारे में जल्द निर्णय लेना चाहिए।
चक्काजाम करने का भी ले सकते हैं निर्णय
पिछले तीन दिनों की हड़ताल का सरकार पर कोई असर होता दिखाई नहीं दे रहा है। ऐसे में अब कठोर निर्णय लेना पड़ेगा। यदि प्रदेश स्तर पर एसोसिएशन ने चक्काजाम करने का निर्णय लिया तो हम भी इसका समर्थन करेंगे। यह तय है कि जैसे जैसे हड़ताल आगे बढ़ेगी लोगों को आवश्यक वस्तुओं की कमी महसूस होने लगेगी। हम इस बात को अच्छी तरह समझते हैं, लेकिन सरकार को भी यह बात समझ आना चाहिए।
- धनसिंह वर्मा, अध्यक्ष नीमच ट्रॉसपोर्ट एसोसिएशन