
जम्मू-कश्मीर में 1.64 करोड़ रुपए बरामद
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर (jammu kashmir) के राजौरी जिले में सरयाह गांव में पुलिस और सेना की संयुक्त तलाशी में 1.64 करोड़ रुपए (1.64 crore seized) से भरे दो बैग मिले हैं। राजौरी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शीमा नबी कस्बा ने इस संबंध में जानकारी साझा की है। मामले में गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) कानून के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी शीमा नबी ने दी जानकारी
शीमा नबी कस्बा ने बताया कि सरयाह गांव निवासी मंजूर अहमद के घर से दो थैलों से 1.64 करोड़ की रकम बरामद हुई है। फिलहाल पुलिस अहमद की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि अहमद (ahmad) के एक साथी को टीम ने हाल ही में गिरफ्तार किया था। अब पुलिस अहमद की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
मादक पदार्थ तस्कर का रिश्तेदार है अहमद
शीमा ने बताया कि अहमद मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले सिकंदर का रिश्तेदार है। जिसे हाल ही में पंजाब और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया था। मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में टीम को अब तक बड़ी रकम बरामद हो चुकी है।
गौरतलब है कि पंजाब-जम्मू कश्मीर पुलिस के संयुक्त अभियान में राजौरी (rajauri) जिले के सरयाह गांव से सिकदंर को गिरफ्तार किया था। टीम को सिकंदर के घर से 29.5 लाख रुपए भी बरामद हुए थे। इस पूरे मामले में टीम के हाथ आज एक और सफलता लगी है। इस मामले में टीम का अभियान अभी जारी है, पुलिस को अभी और गिरफ्तारियों की उम्मीद है।
Published on:
7 Sep 2021, 7:20 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.