
घायलों से मुलाकात करते नागरिक उड्डयन मंत्री। फोटो- आईएएनएस
नई दिल्ली। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने मंगलवार को टर्बुलेंस का शिकार एयर इंडिया के विमान का ब्लैक बॉक्स और वॉयस डाटा रिकॉर्डर जब्त कर जांच शुरू कर दी है। घटना में थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रहा विमान (उड़ान संख्या एआई2379) हवा में अचानक 300 फीट गिर गया था। इसके कारण विमान में सवार 13 यात्री और चालक दल के चार सदस्य घायल हो गए थे।
दिल्ली उतरने के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में पांच यात्रियों को छुट्टी दे दी गई, जबकि 12 लोग अब भी गुरुग्राम के मेदांता, फोर्टिस और दिल्ली के वसंत कुंज स्थित स्पाइनल इंजरी सेंटर में भर्ती हैं। एयरलाइंस ने बताया कि उसकी टीमें अस्पतालों में मौजूद हैं और प्रभावित यात्रियों तथा उनके परिवारों के लगातार संपर्क में हैं। नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापू राम मोहन नायडू ने शाम को फोर्टिस अस्पताल पहुंचकर घायलों से बात की और डॉक्टरों से जानकारी ली। उनके साथ नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा भी मौजूद थे।
मंत्रालय ने बताया कि विमान को हैंगर में स्थानांतरित कर दिया गया है और उसका फ्लाइट डाटा रिकॉर्डर (ब्लैक बॉक्स) तथा कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। डीजीसीए ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, विमान में तीन शिशुओं सहित 137 यात्री सवार थे। उनके अलावा चालक दल में दो पायलट और छह केबिन क्रू शामिल थे। एयर इंडिया ने कहा है कि वह जांच में पूरी तरह सहयोग कर रही है और विमान बनाने वाली कंपनी एयरबस को भी इस घटना की सूचना दे दी गई है।
एयरलाइंस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि घटना के बाद विमान ने सामान्य रूप से अपनी उड़ान जारी रखी और पूर्वाह्न 11:07 बजे दिल्ली में सुरक्षित उतरा। सूत्रों के अनुसार, घटना लैंडिग से कुछ समय पहले हुई। उस समय विमान लैंडिंग के लिए धीरे-धीरे नीचे उतरने की प्रक्रिया में था। यह एयरबस का ए320निओ विमान में था। वहीं एक यात्री ने बताया कि अचानक आए जोरदार झटके से उनके कंधे में चोट लग गई। वहीं, दूसरे यात्री के अनुसार विमान के केबिन में दबाव तेजी से बदलने पर ऐसा महसूस हुआ जैसे कानों पर तेज दबाव पड़ रहा हो और पर्दे फट जाएंगे। एयर इंडिया ने कहा कि इस घटना में कुछ यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को हल्की चोटें आई हैं। विमान के दिल्ली में सुरक्षित उतरने के बाद सभी घायलों को जांच और इलाज के लिए एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर ले जाया गया।
Updated on:
04 Aug 2026 09:38 pm
Published on:
04 Aug 2026 09:38 pm
