
नई दिल्ली : हाथियों के उत्पात मचाने की खबर आती ही रहती हैं। अब छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में हाथियों के झुंड के उत्पात मचाने की तस्वीरें आई हैं। वीडियो में हाथी गांव में घुसकर घर को बर्बाद कर रहा है। इस दौरान उसके आस-पास ग्रामीण तमाशबीन खड़े देखते रहे। खबरों के अनुसार घटना शनिवार सुबह की बताई जा रही है। हाथियों के एक दल से बिछड़े एक हाथी ने झिंगादोहर गांव के मोहरलाल पंडों के घर को ढहा दिया। इसी दौरान किसान मोहरलाल ने किसी तरह परिवार समेत भाग कर अपनी जान बचाई। हाथी के घर तोड़ने से ग्रामीण को करीब 70000 हजार रुपए के नुकसान की खबर है। कहा जा रहा है कि वन विभाग ने ग्रामीणों को मुआवजे की रकम देने की पेशकश की है। दरअसल, यहां अलग अलग दलों में हाथी भोजन और पानी के लिए जंगलों से निकलकर गांवों का रुख कर रहे हैं। ऐसे में भोजन और पानी की तलाश में निकले हाथियों के गुस्से का शिकार भी ग्रामीणों को होना पड़ रहा है। आपको बता दें कि प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के सोनगरा जंगल से सटे गांव में कुछ दिन पहले दो लोगों को हाथियों ने कुचल कर मार दिया था। वहीं सोनगरा से सटे झिंगादोहर गांव में हाथियों ने पिछले दो दिनों से उत्पात मचाया हुआ है, जहां बीते शुक्रवार को एक किसान के मकान को ढहा दिया था। हाथियों के आतंक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
यह भी देखें : 17 फीट के किंग कोबरा से गांव में मचा हड़कंप, देखने के बाद आप भी रह जाएंगे हैरान