
(सांकेतिक तस्वीर)
Love Marriage: शादी को सात जन्मों का पवित्र बंधन माना जाता है। यह रिश्ता विश्वास और एक-दूसरे के सम्मान की नींव पर टिका रहता है, लेकिन आजकल पति-पत्नी के रिश्ते में विश्वास और सम्मान तो दूर की बात है। लोग एक-दूसरे की पीठ पीछे बड़े-बड़े गुल खिला रहे हैं। हाल में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। जहां गाजे-बाजे के साथ पहुंची बारात का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद जयमाला, फेरे और अन्य रस्में बड़े उल्लास और उत्साह के साथ संपन्न की गईं। रातभर रस्में-रिवाज संपन्न होने के बाद सुबह दुल्हन अपने जीवनसाथी के साथ विदाई की तैयारी में थी। दूल्हे के दोस्त और रिश्तेदार सुहागरात को लेकर चिढ़ाने में जुटे थे। इसी बीच एक ऐसा वाकया हो गया कि दुल्हन ने एक कड़ा निर्णय ले लिया और यह रिश्ता धराशायी हो गया।
दरअसल, दूल्हा पहले से ही शादीशुदा था। इसकी पोल तब खुली। जब विदाई से ऐनवक्त पहले दूल्हे की प्रेमिका गोद में पांच साल का बच्चा लेकर दुल्हन के घर पहुंच गई। पहले तो दूल्हे ने उसे पहचानने से इनकार कर दिया और दूल्हे के परिजनों ने आनन-फानन में उसे पागल बताकर मौके से चलता कर दिया। इसके बाद दुल्हन के गांव वालों ने बच्चे को गोद में लिए रो रही लड़की की बातें सुनीं। जो दुल्हन के परिजनों तक पहुंचाई गई। यहीं से दूल्हे के अरमानों पर पानी फिरने की कहानी शुरू हो गई। दुल्हन के मायके वालों ने दूल्हे की पूर्व पत्नी का साथ दिया और अपनी बेटी से राय मशवरा किया। इसके बाद दुल्हन ने भी उस लड़की से बात की। सारा माजरा समझने के बाद दुल्हन ने रात में वैदिक रीति रिवाज से हुई शादी सुबह तोड़ दी।
यह मामला कोंच नगर के उरई रोड स्थित होटल आशीर्वाद का है। जहां तीन दिन पहले दूल्हा और दुल्हन का शादी समारोह आयोजित किया गया था। शाम को दूल्हा पूरे उत्साह के साथ बारात लेकर पहुंचा। रात में जयमाला और फेरे भी संपन्न हो गए। इसी बीच उत्तर प्रदेश के जालौन के गांव घुसिया निवासी युवती गोद में पांच साल का बच्चा लेकर मौके पर पहुंच गई। युवती सीधे दूल्हे के पास पहुंची तो उसपर धोखा देने का आरोप लगाकर बरस पड़ी।
इस बीच दूल्हे के घरवाले और दोस्त भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने दूल्हे से युवती के बारे में पूछा तो दूल्हे ने उसे पहचानने से इनकार कर दिया। इसके बाद दूल्हे के घरवालों ने युवती को पागल घोषित करते हुए मौके से भगा दिया। युवती शादीघर से निकलकर बाहर आकर रोने लगी। वहां मौजूद दुल्हन पक्ष के लोगों ने उससे रोने का कारण पूछा तो उसने हैरान करने वाला खुलासा कर दिया।
शादीघर के बाहर खड़ी लड़की ने लोगों को बताया “यहां जो दूल्हा बनकर शादी करने आया है। वह मेरा पति है और मेरी गोद में पांच साल का यह बच्चा भी उसी का है। इसने मुझसे पांच साल पहले काली मंदिर में तब शादी की थी। जब मैं इसके बच्चे की मां बनने वाली थी। इसके बाद से मैं इसके और अपने बच्चे को पाल रही हूं और ये पिछले कई महीनों से मुझसे मिल भी नहीं रहा है। यह बात मैंने इसके परिवार वालों को बताई तो उन्होंने मुझे धमकियां दीं। प्रभाकर ने मुझे राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी मंदिर जाने की बात कही थी, लेकिन अब पता चला कि प्रभाकर भी मुझे अपने साथ रखना नहीं चाहता। इसीलिए वह दूसरी शादी कर रहा है।”
दुल्हन की विदाई से ठीक पहले लड़की की ये बातें सुनकर दुल्हन के गांव वालों का माथा घूम गया। उन्होंने आनन-फानन में लड़की को दुल्हन के परिजनों से मिलवा दिया। इसके बाद दुल्हन और उसके परिजनों ने भी उसकी पूरी बात सुनी। इसके बाद दुल्हन ने दूल्हे को बुलाकर मामले की तस्दीक की तो दूल्हा कुछ बोल ही नहीं पाया। फिर दुल्हन पक्ष ने मौके पर पुलिस बुला ली। पुलिस दूल्हे को पिता और रिश्तेदारों समेत थाने ले आई।
पीछे से दुल्हन और वह लड़की भी थाने पहुंचे। जहां कई घंटे पंचायत चली। इस दौरान दूल्हा एक शब्द भी नहीं बोला। इसपर दुल्हन का माथा ठनक गया और उसने रिश्ता तोड़ने का ऐलान कर दिया। इसके बाद पंचायत ने तय किया कि दूल्हा पक्ष दुल्हन पक्ष का सारा सामान लौटाएगा और शादी में खर्च रुपये भी अदा करेगा। दूल्हे पक्ष ने यह फैसला स्वीकार करने में अपनी भलाई समझी और मामला रफा-दफा हो गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि थाने में कई घंटे चली पंचायत के बाद दूल्हा और दुल्हन पक्ष में फैसला हो गया। वह लोग अपने-अपने घर भी चले गए, लेकिन इस बीच वह लड़की थाने में ही डटी रही। जो गोद में लड़का लेकर शादी वाले स्थान पर पहुंची थी। वह बार-बार ये कहती रही कि प्रभाकर उसका दूल्हा है, लेकिन उसकी बात पंचायत में चल रही दो पक्षों की लड़ाई में दबकर रह गई। हालांकि वह थाने के बाहर डटी रही और बार-बार प्रभाकर के साथ रहने की इच्छा जताती रही। युवती का कहना था कि उसका रिश्ता एकतरफा नहीं, बल्कि कई सालों से दोनों के बीच चल रहा प्रेम संबंध की देन है।
Updated on:
17 May 2025, 3:35 PM IST
Published on:
15 May 2025, 3:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.