
नई दिल्ली। आंध्र प्रेदश को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से नाता तोड़ चुके तेलगू देशम पार्टी (टीडीपी) के बाद अब एक शख्स ने अनोखे अंदाज में अपना विरोध जताया है। संसद से सड़क तक प्रदर्शन होने के बाद अब एक शख्स ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर अनोखे लेकिन खतरनाक अंदाज में प्रदर्शन किया। दरअसल आंध्र प्रदेश का रहने वाला एक शख्स ने अपने हाथों में ‘विशेष राज्य के दर्जे की मांग’ का बैनर लेकर मेट्रो भवन स्थित टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़ने के बाद लगातार अपनी मांग को दौहराता रहा। जब इस मामले की सूचना पुलिस को मिली तो फौरन मौके पर पहुंच कर युवक को बड़ी ही मुश्किल से नीचे उतारा। हालांकि अब पुलिस युवक के बारे में अन्य जानकारियां जुटा रही है कि वह किसी पार्टी से जुड़ा हुआ है या फिर खुद इस तरह के कदम उठाया है।
टीडीपी पहले ही जता चुकी है विरोध
आपको बता दें कि इससे पहले एनडीए के सहयोगी रहे टीडीपी ने केंद्र सरकार से आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने की लगातार मांग कर रही है। इस सिलसिले में अपने गुस्से का इजहार करते हुए टीडीपी प्रमुख और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्र बाबू नायडू ने केंद्र से अपना नाता तोड़ लिया था। इतना ही नहीं मोदी सरकार के खिलाफ टीडीपी संसद में अविश्वास प्रस्ताव भी ला चुकी है। बता दें कि चंद्रबाबू नायडू की मांग को भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अरूण जेटली पहले ही खारिज कर चुके हैं। जेटली ने कहा था कि 2014 में जब राज्य का विभाजन हुआ था उस समय ऐसी व्यवस्था थी। लेकिन अब यह सुविधा सिर्फ पूर्वोत्तर और तीन पर्वतीय राज्यों तक ही सीमित है। बता दें कि भारत में 29 राज्य और 7 केंद्र शासित प्रदेश हैं, जिनमें से 11 को विशेष राज्य का दर्जा मिला हुआ है। इसमें से असम, जम्मू एवं कश्मीर, नागालैंड, हिमाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, सिक्किम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और उत्तराखंड को विशेष राज्य का दर्जा हासिल है। इनके अलावा पांच ऐसे राज्य हैं जो कि विशेष राज्य की मांग कर रहे हैं जिनमें आंध्र प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान, बिहार और गोवा शामिल है। इनमें से बिहार और आंध्र प्रदेश प्रमुख राज्य हैं जो मुखर हो कर अपनी मांग को रख रहे हैं और इसके लिए विरोध प्रदर्शन भी कर रहे हैं।