
Delhi Election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखें सामने आने के बाद भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच सियासी हमले भी तेज हो गए हैं। बुधवार को दिनभर भाजपा और 'आप' नेताओं के बीच जुबानी जंग का दौर जारी रहा। इस दौरान जो सबसे ज्यादा गौर करने वाली बात सामने आई। वो ये है कि दिल्ली में 'शीशमहल' बनाम 'राजमहल' पर सियासत गरमा उठी है। एक ओर आम आदमी पार्टी भाजपा पर दिल्ली की सीएम आतिशी को मुख्यमंत्री के लिए अलॉट बंगले से निकालने का आरोप लगा रही है। वहीं दूसरी ओर भाजपा ने दिल्ली के सीएम के लिए अलॉट बंगले की मरम्मत में कथित भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाते हुए उसे 'शीशमहल' करार दे रही है। इस मामले में कांग्रेस भी भाजपा के साथ है।
दरअसल, दिल्ली में अरविंद केजरीवाल ने सीएम रहते हुए अपने लिए सरकारी आवास की मरम्मत कराई। भाजपा का आरोप है कि सीएम रहते हुए अरविंद केजरीवाल ने अपने तैयार किए गए सरकारी आवास का पूरा नक्शा बदल दिया। इसमें करीब 80 से 90 करोड़ रुपये खर्च कर इसे 7 स्टार रिसॉर्ट में बदल दिया। हालांकि चुनाव से पहले सामने आई CAG की रिपोर्ट में बताया गया कि इस बंगले की मरम्मत पर दिल्ली सरकार ने करीब 45 करोड़ रुपये खर्च दिखाया गया है। भाजपा ने अरविंद केजरीवाल के लिए तैयार किए गए इसी बंगले को 'शीशमहल' नाम दिया है।
दिल्ली में चुनाव से पहले भाजपा आम आदमी पार्टी पर 'शीशमहल' के नाम पर हमलावर हुई तो 'आप' ने प्रधानमंत्री आवास का मुद्दा उठा दिया। आप सांसद संजय सिंह ने PM आवास को 2700 करोड़ का राजमहल बताया है। बुधवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर संजय सिंह ने कहा "दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास को लेकर नरेंद्र मोदी से लेकर भाजपा के बड़े नेता तक एक ही प्रचार कर रहे हैं। कह रहे हैं कि उसमें मिनी बार बना हुआ है, उसमें सोने का टॉयलेट बना हुआ है, उसमें स्विमिंग पूल बना हुआ है। जबकि इसी दिल्ली में प्रधानमंत्री का राजमहल है जो 2700 करोड़ रुपए में बना है।"
आप सांसद संजय सिंह ने आगे कहा "पीएम ने फैशन डिजाइनर्स को फेल कर दिया है। दिन में तीन-तीन बार कपड़े बदलते हैं। 10-10 लाख की पेन रखते हैं। 6700 जूते की जोड़ियां, 5000 सूट हैं। उनके घर में 300 करोड़ रुपए के कालीन बिछे हैं। जिसमें सोने के तार लगे हुए हैं। 200 करोड़ रुपए का झूमर लगा हुआ है। राजमहल में कहां-कहां हीरे लगे हुए हैं, ये पूरे देश को दिखाना चाहिए। पीएम मोदी इस देश की जनता को, मीडिया को अपना राजमहल दिखाएं। मैं भाजपा को चुनौती देता हूं कि तुम्हारा झूठ कल उजागर होगा।" संजय सिंह ने कहा "पहले दिल्ली सीएम के आवास को देखें और कितने करोड़ में बना है और फिर पीएम के राजभवन को देखने चलें।"
बुधवार को दिल्ली में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह सौरभ भारद्वाज को लेकर मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने मीडिया के साथ अंदर जाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया। 'आप' नेताओं का कहना था कि हमें अंदर देखना है कि भाजपा जो इस बंगले में सोने का टॉयलेट होने का दावा कर रही है। वह कहां है? वहीं मीडिया को दिए बयान में दिल्ली सरकार में शहरी विकास मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा "दिल्ली के मुख्यमंत्री के लिए जो सरकारी आवास बनाया गया था। हम छह फ्लैग स्टाफ रोड जाएंगे और आप लोगों के साथ ढूंढने की कोशिश करेंगे कि वो आलीशान स्वीमिंग पूल छह फ्लैग स्टाफ रोड पर कहां है। साथ ही प्रधानमंत्री जी के आवास में भी देखा जाएगा कि क्या-क्या सहूलियतें हैं। जो प्रधानमंत्री जी के सरकारी आवास के लिए लगाई जा रही हैं। वहीं भाजपा सांसद संजय सिंह ने कहा कहां है सोने का टॉयलेट। दिखाइये न।
आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के दिल्ली में मुख्यमंत्री बंगले को देखने की बात पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा "क्या दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री चुनाव आचार संहिता लगने का इंतजार कर रहे थे। कल तक सबकुछ पीडब्ल्यूडी मंत्री के हाथ में था। तब आपने ये सब क्यों नहीं देखा। ये लाचारी है या बाजीगरी है? दूसरी ओर भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सीएम आतिशी के आवास पर पहुंचे। वीरेंद्र सचदेवा ने कहा "आज जब आचार संहिता लग गई। तब आप ड्रामा कर रहे हैं। आतिशी के पास दो सरकारी बंगले हैं। इन्हें 'शीशमहल' भी चाहिए। ये बताइये बंगले वाली देवी बताएं उन्हें कितने बंगले चाहिए।"
वहीं दिल्ली की मौजूदा सीएम आतिशी ने भाजपा पर सीएम आवास से निकालने का आरोप लगाया। आतिशी ने कहा 'भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने मुझे तीन महीने में दूसरी बार उस मुख्यमंत्री आवास से निकालकर बाहर फेंक दिया। ये हमारे घर छीन सकते हैं ये हमें गालियां दे सकते हैं, लेकिन दिल्ली वालों के लिए काम करने का जो जज्बा हमारे अंदर है। वह ये नहीं छीन सकते। दूसरी ओर भाजपा नेता अनिल विज ने कहा "ये जो गरीब आम आदमी पार्टी का बंगला 'शीशमहल' है। ये आम आदमी पार्टी को ले डूबेगा। दिल्ली में आम आदमी पार्टी जीतेगी।"
नई दिल्ली विधानसभा सीट से प्रत्याशी कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने आम आदमी पार्टी से सवाल पूछे। संदीप दीक्षित ने अरविंद केजरीवाल से सवाल पूछते हुए कहा "आप खुद को आम आदमी कहते हैं। आपने जिस तरीके का मकान बनाया है। 'आप' कहती है कि कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। वो तो सरकार की CAG रिपोर्ट है। वो आपकी पीडब्ल्यूडी कह रही है। 'आप' के खिलाफ कोई भी सबूत आता है तो 'आप' वहां से भाग जाती है, क्योंकि उनके पास जवाब नहीं है। आपने अपने 'शीशमहल' पर एक भी जवाब नहीं दिया।
संबंधित विषय:
Published on:
09 Jan 2025 09:38 am
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
